
भुवनेश्वर. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बुधवार को कहा कि उनकी सेहत ठीक है और वह लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनाव के लिए गत एक महीने से प्रचार कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा, ”उन्होंने (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) पूर्व में सार्वजनिक रूप से कहा कि मैं उनका अच्छा मित्र हूं. उन्हें मात्र मुझे फोन करके मेरी सेहत की जानकारी लेनी थी लेकिन ओडिशा एवं दिल्ली में भाजपा के कुछ लोग मेरी सेहत को लेकर अफवाह फैला रहे हैं.” उन्होंने कहा, ” मैं प्रधानमंत्री को आश्वस्त करना चाहता हूं कि मेरी सेहत ठीक है और मैं राज्य में विगत एक महीने से चुनाव प्रचार कर रहा हूं.”
प्रधानमंत्री मोदी ने एक के बाद एक ओडिशा में आयोजित तीन चुनावी रैलियों में दावा किया था कि ओडिशा के मुख्यमंत्री की सेहत ठीक नहीं है और वह नियमित कर्तव्यों को भी पूरा करने की स्थिति में नहीं हैं. मोदी के बयान के कुछ घंटों के बाद ही पटनायक की यह प्रतिक्रिया आई है. प्रधानमंत्री ने यह भी कहा था कि अगर ओडिशा की सत्ता में भाजपा आती है तो एक समिति बनाई जाएगी जो पटनायक के स्वास्थ्य में अचानक आई गिरावट का आकलन करेगी.



