राजस्थान की जनता ने भाजपा के लिए मन बना लिया है: नड्डा

कोटा. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बुधवार को कहा कि राजस्थान की जनता परिवर्तन चाहती है और उसने भाजपा को राज्य की सत्ता में वापस लाने का मन बना लिया है. राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा कि यहां की जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है.

उल्लेखनीय है कि राज्य की सभी 200 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा जबकि वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी.
नड्डा ने कोटा में मीडिया से बातचीत में कहा, ”जो जोश मैं अपने कार्यकर्ताओं में देख रहा हूं, वह स्पष्ट रूप में बता रहा है कि भाजपा के प्रति राजस्थान की जनता ने अपना मन बना लिया है और उसने संकल्प लिया है कि वह राजस्थान में परिवर्तन चाहती है.”

उन्होंने कहा, ”जनता ने कांग्रेस की भ्रष्ट गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकने का निर्णय लेकर, संकल्प करके परिवर्तन करने का मन बनाया है और भाजपा को आशीर्वाद देने का भी मन बनाया है.” उन्होंने महिला उत्पीड़न, किसान कर्जमाफी, भ्रष्टाचार व पेपरलीक जैसे मुद्दों को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, ”मैं देखता हूं कि एक तरह से राजस्थान की जनता अपने आप को ठगा महसूस करती है. राजस्थान की जनता ने आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी इस सरकार को अलविदा कहने का मन बना लिया है.”

राज्य में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 19 हजार से ज्यादा किसानों की भूमि की नीलामी कुर्की होने का आरोप लगाते हुए नड्डा ने कहा कि इस चुनाव में जनता कांग्रेस को बखूबी जवाब देगी. भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कथित ‘लाल डायरी’ का भी जिक्र किया और कहा कि ”कांग्रेस के नेता जिस तरह से लाल डायरी को लेकर बयान दे रहे हैं, वह बताता है कि वह कितनी उदासहीन हो चुकी है.” उन्होंने कहा, ”मैं भाजपा के पक्ष में बहुत ही उत्साह का वातावरण देख रहा हूं.”

नड्डा ने भरोसा जताया कि कोटा संभाग की 17 में से 17 सीटें भाजपा की झोली में जाएंगी. इससे पहले नड्डा ने झालावाड़, बूंदी, कोटा शहर व देहात के पदाधिकारियों के साथ बैठक की. इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी भी मौजूद थे.

Related Articles

Back to top button