‘लोग उन्हें जूतों से मारेंगे’: तृणमूल नेता सौगत रॉय के लिए भाजपा के दिलीप घोष ने कहा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 19 Aug 2022 11:51 AM
‘लोग उन्हें जूतों से मारेंगे’: तृणमूल नेता सौगत रॉय के लिए भाजपा के दिलीप घोष ने कहा
ऑडियो सुनें

कोलकाता: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने यह कहकर विवाद खड़ा दिया कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता सौगत रॉय अपने उस बयान के लिए ‘‘जूतों से पीटे जाएंगे’’ जिसमें उन्होंने अपनी पार्टी के आलोचकों के बारे में कुछ कहा था।

घोष के बयान पर रॉय ने तीखी प्रतिक्रिया दी। रॉय ने कहा कि भाजपा नेता ने ‘‘औपचारिक शिक्षा’’ नहीं ली है और वह तृणमूल के संपर्क में हैं क्योंकि भाजपा को अब उन पर भरोसा नहीं है। तृणमूल के वरिष्ठ सांसद रॉय ने कहा था कि पार्टी के दो नेताओं की गिरफ्तारी के बाद विपक्षी दलों के नेता पार्टी को अनुचित तरीके से निशाना बना रहे हैं। रॉय ने कहा था, ‘‘उन लोगों की चमड़ी उतारकर जूते बनाए जाएंगे जो मानते हैं कि वे विरोध की आड़ में पार्टी को बदनाम करके ऐसे ही निकल सकते हैं।’’ बहरहाल, उन्होंने बाद में इस बयान पर खेद व्यक्त किया।

घोष ने बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘सौगत रॉय वरिष्ठ नेता हैं। वह एक समय पर प्रोफेसर रह चुके हैं, लेकिन उन्होंने विपक्ष के लिए जिस भाषा का इस्तेमाल किया, उसे सुनकर हम हैरान हैं। वह अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को कह रहे हैं कि चमड़ी उतारकर जूते बनाए जाएंगे। वह दिन दूर नहीं है, जब लोग उन्हें जूतों से पीटेंगे। तृणमूल के नेताओं को राज्य के विभिन्न हिस्सों में जूतों से पीटा जाएगा।’’ रॉय ने कहा कि वह भाजपा नेता के बयान पर टिप्पणी नहीं करना चाहते।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे व्यक्ति की बात पर टिप्पणी करना मेरी गरिमा के खिलाफ है, जिसने बहुत कम या कोई औपचारिक शिक्षा नहीं ली है। दिलीप घोष स्वयं हमारे दल के संपर्क में हैं, क्योंकि भाजपा नेतृत्व अब उन पर भरोसा नहीं करता।’’ पार्थ चटर्जी को एक स्कूल भर्ती घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया और अनुब्रत मंडल को एक मवेशी तस्करी मामले में जांच एजेंसी के साथ कथित तौर पर सहयोग नहीं करने के लिए गिरफ्तार किया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav