राजस्थान में जिस तरह से तुष्टिकरण किया गया, लोग उसे भूलेंगे नहीं: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जोशी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Oct 2023 09:30 PM
राजस्थान में जिस तरह से तुष्टिकरण किया गया, लोग उसे भूलेंगे नहीं: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जोशी
ऑडियो सुनें

जयपुर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष सी.पी. जोशी ने रविवार को राज्य की कांग्रेस सरकार के शासन की तुलना इस्लामी कट्टरपंथी समूह तालिबान के शासन से करते हुए कहा कि राज्य में जिस तरह से तुष्टिकरण किया गया है, उसे लोग भूलेंगे नहीं.

जोशी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत उदयपुर में भगवा झंडों पर प्रतिबंध लगाने, सीकर में राम दरबार को तोड़ने, एक समुदाय के त्योहारों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और उन्हें हजारों की संख्या में इकट्ठा होने और डीजे बजाने की अनुमति देने के लिए जिम्मेदार हैं, जबकि दूसरे समुदाय को यह अनुमति नहीं दी गई.

जोशी ने कहा, “इसके लिए कौन जिम्मेदार है. क्या यह राजस्थान है या तालिबान? लोग इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते. अगर इसके लिए कोई जिम्मेदार है तो वह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हैं. राज्य में जिस तरह से तुष्टिकरण किया गया, उसे लोग नहीं भूलेंगे.” जोशी ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार उन गारंटी को देने में विफल रही जिनके साथ वह राज्य की सत्ता में आई थी, जबकि भाजपा ने वही किया जिसका उसने वादा किया था. उन्होंने कहा कि लोगों में कांग्रेस के प्रति अविश्वास है क्योंकि उसने उन्हें गुमराह किया और जो वादे किये थे, उसके खिलाफ काम किया.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान भ्रष्टाचार बढ़ने से राजस्थान में महंगाई सबसे ज्यादा है. उन्होंने कहा कि राजस्थान में पेट्रोल-डीजल के दाम सबसे महंगे हैं और वाहन कर भी अधिक है. जोशी ने कहा कि सरकार ने वादा किया था कि वह पूरे पांच साल तक बिजली दरें नहीं बढ़ाएगी, लेकिन बिजली बिल पर एक दर्जन से अधिक अन्य शुल्क बढ़ाकर जनता पर बोझ डाल दिया. उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जनादेश के साथ सरकार बनाएगी. राज्य में 25 नवंबर को मतदान होना है जबकि मतों की गिनती तीन दिसंबर को होगी.

वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता ्स्विवणम चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा नेता बिना तथ्यों के बयान देकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने एक बयान में कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने महंगाई राहत शिविर लगाकर केंद्र की दोषपूर्ण नीतियों के कारण जनता को महंगाई से राहत दी है.

उन्होंने कहा कि सरकार ने सहकारी बैंकों से लिए गए किसानों के ऋण माफ किए और केंद्र ने केंद्रीय सहकारी और राष्ट्रीयकृत बैंकों से लिए गए ऋणों को माफ करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया. उन्होंने कहा कि राज्य विकास दर के मामले में देश में दूसरे स्थान पर है और इसने समाज के सभी वर्गों को राहत देने के लिए नीतियां बनाई हैं. चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस की जन के्द्रिरत योजनाओं से भाजपा नेता घबरा गये हैं और अनर्गल टिप्पणी कर रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu