कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच तीर्थयात्रियों ने माता वैष्णोदेवी गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 30 Mar 2025 08:59 PM
कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच तीर्थयात्रियों ने माता वैष्णोदेवी गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना की
ऑडियो सुनें

रियासी. चैत्र नवरात्रि उत्सव शुरू होने पर जम्मू-कश्मीर की त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में रविवार को तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भवन के आधार शिविर और मार्ग पर ‘एआई-सक्षम सीसीटीवी कैमरों’ और ड्रोन से निगरानी की जा रही है तथा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. शनिवार को 48,000 तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन किए, जबकि रविवार को आधार शिविर से लेकर मंदिर तक लंबी कतारें देखी गईं.

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अंशुल गर्ग ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”मैं चैत्र नवरात्रि के अवसर पर तीर्थयात्रियों को बधाई देता हूं. कटरा से भवन तक तीर्थयात्रियों में भारी उत्साह है. तीर्थयात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. कटरा से भवन तक लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं.” उन्होंने कहा कि निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कटरा से भवन तक मार्ग पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन टीम तैनात की गई हैं.

यात्रा का प्रबंधन करने वाले श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं के लिए तीर्थयात्रा को आसान बनाने के लिए नयी पहल की है. कई श्रद्धालुओं ने कहा कि वे बोर्ड द्वारा की गई व्यवस्थाओं से खुश हैं. दिल्ली के अमित शर्मा ने कहा, ”नवरात्रि के पहले दिन, हम गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना करके धन्य महसूस कर रहे हैं. हालांकि भारी भीड़ के कारण थोड़ी कठिनाई होती है, लेकिन जब आप भवन में पर्यावरण और आध्यात्मिकता की सुंदरता का अनुभव करते हैं, तो सब भूल जाते हैं.” बोर्ड की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए पुणे निवासी श्रद्धालु सुधाकर कदम ने कहा कि हिंदू नव वर्ष और नवरात्रि के पहले दिन यहां आकर पूजा-अर्चना करना एक सपने के सच होने जैसा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu