
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं जल्द से जल्द आपके दर्शन करना चाहता था और आपको सलाम करना चाहता था. मेरी आंखों के सामने 23 अगस्त का वो दिन, वो एक-एक सेकंड बार-बार घूम रहा है. प्रधानमंत्री मोदी ने बेंगलुरु में इसरो के वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए कहा कि आप ‘मेक इन इंडिया’ को चंद्रमा तक लेकर गए.
आपने एक पूरी पीढ़ी को जागृत किया है और उन पर गहरी छाप छोड़ी है. चंद्रयान-3 मिशन के लैंडर के चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने की याद में भारत 23 अगस्त को ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’ के रूप में मनाएगा. चंद्रमा की सतह के जिस स्थान पर चंद्रयान-2 ने 2019 में अपने पदचिह्न छोड़े थे, उसे ‘तिरंगा पॉइंट’ के नाम से जाना चाहिए.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की सराहना करते हुए शनिवार को कहा कि विज्ञान और भविष्य में विश्वास करने वाले दुनियाभर के लोगों में भारत की इस उपलब्धि को लेकर उत्साह है. यूनान से सीधे बेंगलुरु पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह देश लौटने पर इसरो के वैज्ञानिकों को धन्यवाद देने के लिए सबसे पहले इस शहर में आने से स्वयं को रोक नहीं पाए.



