
जगरेब. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को क्रोएशिया पहुंचे. यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस देश की पहली यात्रा है. क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविक ने विशेष सम्मान प्रर्दिशत करते हुए हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया. प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”थोड़ी देर पहले क्रोएशिया के जगरेब में उतरा. यह एक विशेष यात्रा है, किसी भारतीय प्रधानमंत्री की किसी मूल्यवान यूरोपीय साझेदार की पहली यात्रा. मैं हवाई अड्डे पर विशेष स्वागत सम्मान के लिए प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविक का आभारी हूं.” क्रोएशियाई प्रधानमंत्री प्लेंकोविक ने कहा कि मोदी की यात्रा एक महत्वपूर्ण भू-राजनीतिक क्षण में हुई है.
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ”हमने भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जगरेब में स्वागत किया! यह दुनिया के सर्वाधिक आबादी वाले देश भारत के प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है – जो एक महत्वपूर्ण भू-राजनीतिक क्षण में हो रही है.” प्लेंकोविक ने कहा कि दोनों देश अपने संबंधों में एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए चीजों को सुगम बना रहे हैं.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर कहा, ”भारत-क्रोएशिया संबंधों में ऐतिहासिक मील का पत्थर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी क्रोएशिया के जगरेब पहुंचे. यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की क्रोएशिया की पहली यात्रा है. विशेष सम्मान के तौर पर प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविक ने हवाई अड्डे पर उनका औपचारिक स्वागत किया.” होटल पहुंचने पर मोदी का स्वागत भारतीय समुदाय के सदस्यों ने किया, जो ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ जैसे नारे लगा रहे थे. प्रधानमंत्री के स्वागत में पारंपरिक भारतीय परिधानों में नृत्य प्रदर्शन भी किया गया.
प्रधानमंत्री तीन देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में कनाडा से यहां पहुंचे. कनाडा में प्रधानमंत्री ने जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लिया और विश्व के कई नेताओं से बातचीत की. इससे पहले उन्होंने अपनी यात्रा के तहत साइप्रस का दौरा किया था.
अपनी यात्रा के दौरान मोदी क्रोएशियाई प्रधानमंत्री प्लेंकोविक के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और राष्ट्रपति ज.ोरान मिलनोविक से मिलेंगे.
मोदी ने रविवार को नयी दिल्ली में अपने प्रस्थान से पहले एक बयान में कहा, ”मैं क्रोएशिया गणराज्य की अपनी यात्रा और राष्ट्रपति ज.ोरान मिलनोविक तथा प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविक के साथ बैठकों को लेकर आशान्वित हूं.” उन्होंने कहा, ”हमारे दोनों देशों के बीच सदियों पुराने घनिष्ठ सांस्कृतिक संबंध हैं. किसी भारतीय प्रधानमंत्री की क्रोएशिया की पहली यात्रा के रूप में, इससे पारस्परिक हित के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे.” विदेश मंत्रालय ने पूर्व में नयी दिल्ली में एक बयान में कहा था, ”क्रोएशिया की यात्रा यूरोपीय संघ में भागीदारों के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करेगी.”



