‘रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ’ अभियान के दौरान पुलिस ने दो विधायकों को हिरासत में लिया : आप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 Nov 2023 07:46 PM
‘रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ’ अभियान के दौरान पुलिस ने दो विधायकों को हिरासत में लिया : आप
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पार्टी के दो विधायकों जरनैल सिंह और हाजी यूनुस तथा कई स्वयंसेवकों को दिल्ली पुलिस ने उस समय हिरासत में ले लिया जब वे दिल्ली सरकार के ‘रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ’ अभियान में हिस्सा ले रहे थे.

सत्तारूढ़ दल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि प्रदूषण रोकने के लिए उठाये जा रहे उनके कदम में वह पुलिस की मदद से बाधा डाल रही है. दिल्ली के उत्तरपूर्व जिले के एक पुलिस अधिकारी ने यूनुस को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है. अधिकारी ने बताया कि ऐसी आशंका थी कि वह (यूनुस) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जारी समन के विरोध में प्रदर्शन करेंगे.

‘रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ’ अभियान का उद्देश्य चालकों को यातायात सिग्नल के हरा होने का इंतजार करते समय वाहन के इंजन को बंद रखने के लिए प्रेरित करना है. आप ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पार्टी विधायकों को हिरासत में लिए जाने की घटना को ‘शर्मनाक’ करार दिया.

पार्टी ने कहा, ”भाजपा के लोगों को प्रदूषण से इतना प्यार क्यों हैं? राजनीति में भाजपा हर दिन नए स्तर पर गिर जाती है. भाजपा प्रदूषण रोकने के आप के प्रयास को पुलिस की मदद से कुचल रही है. आप विधायक जनरैल सिंह और हाजी यूनुस को जागरुकता फैलाने के लिए भाजपा की पुलिस ने हिरासत में ले लिया. इससे शर्मनाक और क्या होगा?” पार्टी ने सिंह और यूनुस को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की तस्वीरें भी साझा कीं.

मुस्तफाबाद से विधायक यूनुस ने कहा कि पुलिस ने उन्हें गोकलपुरी चौराहे से हिरासत में लिया. उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ”प्रदूषण के विरुद्ध रेड लाइट ऑन गाड़ी ऑफ मुहिम को रोक कर दिल्ली पुलिस द्वारा गोकलपुरी गोल चक्कर से हिरासत में लिया गया, फिलहाल साथियों के साथ थाने में हूं.” दिल्ली के उत्तरपूर्व जिले के पुलिस अधिकारी ने बताया कि यूनुस और उनके कुछ समर्थकों को हिरासत में लिया गया है.

उन्होंने बताया, ”एक सूचना मिली थी कि वे (यूनुस और समर्थक) ईडी द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जारी समन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं. एहतियाती कदम के रूप में उन्हें हिरासत में लिया गया.” दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह ”दुर्भाग्यपूर्ण” है कि भाजपा ने राज्य सरकार के अभियान को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस का सहारा लिया है.

राय आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक भी हैं. उन्होंने कहा, ”यह अभियान 26 अक्टूबर को आईटीओ पर शुरू हुआ था. दो नवंबर को यह सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किया जाना था.” उन्होंने कहा, ”लेकिन हमारे विधायक जरनैल सिंह को हिरासत में लिया गया… सुबह से ही पार्षदों, स्वयंसेवकों और विधायकों को हिरासत में लिया जा रहा है. अगर लोग काली पट्टी बांध रहे हैं तो वे (भाजपा) क्यों डर रहे हैं?” दिल्ली सरकार ने ‘रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ’ अभियान की सर्वप्रथम शुरुआत 16 अक्टूबर 2020 को की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu