धमतरी: पुलिस हिरासत में व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस अधिकारी निलंबित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 01 Apr 2025 10:42 PM
धमतरी: पुलिस हिरासत में व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस अधिकारी निलंबित
ऑडियो सुनें

धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जालसाजी के आरोप में गिरफ्तार किए गए 41 वर्षीय व्यक्ति की पुलिस हिरासत में मौत हो गई. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि आरोपी दुर्गेश कठौलिया को अर्जुनी थाने में रिमांड में रखा गया था, जहां उसकी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि पुलिस हिरासत में मौत के बाद थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है.
मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने घटना की न्यायिक जांच की मांग की है.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राजनांदगांव जिले के भवरमारा गांव के रहने वाले कठौलिया को सोमवार को पुलिस धमतरी से गिरफ्तार कर थाने लाई थी. उन्होंने बताया कि दुर्गेश को सोमवार शाम को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेजे जाने के बाद अर्जुनी थाने लाया गया था. अधिकारियों ने बताया कि थाने में दुर्गेश कठौलिया की हालत बिगड़ने के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

उन्होंने बताया, “मौत का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है. हालांकि, प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि आरोपी की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है.” अधिकारियों ने बताया, “इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. अर्जुनी थाने के प्रभारी सनी दुबे को निलंबित कर दिया गया है.” पुलिस के अनुसार, धमतरी जिले के करीब 50 किसानों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दुर्गेश ने सरकार द्वारा तय दर से अधिक लाभ दिलाने का वादा कर उनसे धान खरीदा था. पुलिस ने बताया कि दुर्गेश, किसानों को बगैर पैसे दिए धान लेकर कथित तौर फरार हो गया. अधिकारियों ने बताया कि किसानों ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उनसे सात करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है.

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ताओं ने यह भी दावा किया कि दुर्गेश ने बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और बालाघाट जिलों सहित अन्य जिलों में भी इसी तरह की जालसाजी की है. दुर्गेश की मौत की खबर मिलने के बाद उसके परिवार के सदस्यों ने जिला अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि पुलिस की प्रताड़ना के कारण उसकी मौत हुई.

दुर्गेश की पत्नी दुर्गा देवी ने कहा, “पुलिस ने न तो उसकी (दुर्गेश की) गिरफ्तारी के बारे में कोई जानकारी दी और न ही उसे अदालत में पेश करने के बारे में. पुलिस द्वारा पीटे जाने के कारण उसकी मौत हो गई. अगर उसने कुछ गलत किया होता तो उसे (कानून के तहत) सजा मिलनी चाहिए थी. पुलिस को उसे मारने का अधिकार नहीं है.” उन्होंने कहा, “मैं न्याय चाहती हूं और उसे (दुर्गेश को) मारने वालों को सजा मिलनी चाहिए” दुर्गेश के पिता लक्ष्मण कठौलिया ने पुलिसर्किमयों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पुलिस के हाथ से निकल गई है और वे हत्यारे बन गए हैं. शुक्ला ने घटना की न्यायिक जांच की मांग करते हुए कहा, “धमतरी के थाने में पुलिस की प्रताड़ना के कारण राजनांदगांव के एक व्यक्ति की मौत हो गई. यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu