पोंटिंग ने डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए जडेजा और अश्विन दोनों को अंतिम एकादश में चुना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 May 2023 07:52 PM
पोंटिंग ने डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए जडेजा और अश्विन दोनों को अंतिम एकादश में चुना
ऑडियो सुनें

लंदन. आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का मानना है कि भारत सात जून से आस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरु हो रहे विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल में रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन दोनों को खिलायेगा. तीन बार वनडे विश्व कप विजेता पोंटिंग का यह भी मानना है कि भारत को बायें हाथ के बल्लेबाज-विकेटकीपर ईशान किशन को भी ओवल में होने वाले मैच में आजमाना चाहिए.

आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) रिव्यू के पॉडकास्ट पर कहा, ”मुझे लगता है कि वे जडेजा और अश्विन को चुनेंगे क्योंकि जडेजा छठे नंबर के बल्लेबाजी क्रम पर खेल सकता है. उसकी (जडेजा) बल्लेबाजी में इतना सुधार हो चुका है कि वे उसे अब बतौर बल्लेबाज चुन सकते हैं जो जरूरत पड़ने पर शायद कुछ ओवर गेंदबाजी भी कर सकता है. ”

उन्होंने कहा, ”इसमें कोई शक नहीं है कि जडेजा की तुलना में अश्विन बेहतर टेस्ट गेंदबाज है लेकिन अगर जब खेल चौथे और पांचवें दिन में पहुंचेगा और टर्न मिलने लगेगी और अगर जडेजा को इस बल्लेबाजी स्थान पर शामिल किया जाता है तो इससे भारत को वास्तव में उच्च स्तर का दूसरा स्पिन गेंदबाजी विकल्प मिल सकता है. ” ओवल में पोंटिंग एशेज के कई मैच खेल चुके हैं जिससे उन्हें काफी टर्न मिलने की उम्मीद है.

उन्होंने कहा, ”ओवल की पिच बल्लेबाजी के लिये काफी अच्छी है. इस पर पहले दिन से तेज गेंदबाजों को आमतौर पर मदद मिलती है लेकिन यह मदद इतनी ज्यादा नहीं होती. लेकिन मैं वहां ऐसे भी कुछ मैच खेला हूं जिसमें पिच काफी टर्न लेती है. अगर यह थोड़ी सूख जायेगी तो इस पर काफी टर्न हो सकता है. ” इस मैच में ऋषभ पंत उपलब्ध नहीं होंगे तो पोंटिंग को लगता है कि शानदार बल्लेबाजी को देखते हुए ईशान किशन को मौका दिया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा, ”अगर मैं उनके (भारत) साथ होता तो इस मैच की अहमियत देखते हुए मैं इसमें ईशान किशन को खिलाता. ” पोंटिंग ने कहा, ”वह थोड़ा ‘एक्स फैक्टर’ (मैच का रूख पलटने वाला खिलाड़ी) मुहैया कराता है जिसकी आपको तब जरूरत होती है जब आप टेस्ट मैच जीतने की कोशिश करते हो. निश्चित रूप से अगर ऋषभ पंत फिट होता तो वह भारत के लिए ‘एक्स फैक्टर’ होता. ” वह अजिंक्य रहाणे की टेस्ट टीम में वापसी से काफी खुश थे और उन्हें लगता है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पहले चरण में उनके सकारात्मक रवैये ने उनकी काफी मदद की.

पोंटिंग ने कहा, ”जिंक्स (रहाणे) का आईपीएल शानदार रहा. यह थोड़ा हास्यास्पद है कि आईपीएल के रन अब आपको टेस्ट टीम में वापसी करा सकते हैं. हर किसी ने देखा कि वह आईपीएल में बल्लेबाजी करते हुए कितना आत्मविश्वास से भरा दिख रहा था जो उन्हें वापसी कराने के लिए काफी था. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu