अस्पताल में खून चढ़ाए जाने के बाद गर्भवती महिला की मौत

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 23 May 2025 01:34 PM
अस्पताल में खून चढ़ाए जाने के बाद गर्भवती महिला की मौत
ऑडियो सुनें

जयपुर: जयपुर के सवाई मानंिसह (एसएमएस) अस्पताल में एक गर्भवती युवती की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि गलत (बेमेल) खून चढ़ाए जाने के कारण ऐसा हुआ। हालांकि चिकित्सकों ने किसी भी चूक से इनकार किया है।

अधिकारियों ने कहा कि टोंक जिले की 23 वर्षीय चैना को 12 मई को गंभीर रूप से कम हीमोग्लोबिन स्तर, तपेदिक और अन्य स्वास्थ्य जटिलताओं के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार 19 मई को एक जांच के आधार पर अस्पताल के रक्त बैंक से खून मंगवाया गया जिसमें कथित तौर पर उसके रक्त समूह ‘ए पॉजिटिव’ वाला खून था। सूत्रों ने कहा कि उसे अगले दिन रक्त चढ़ाया गया था।

सूत्रों के अनुसार बाद में एक जांच में संकेत मिला कि युवती का रक्त समूह ‘बी पॉजिटिव’ था जिससे बेमेल खून चढ़ाए जाने का संदेह हुआ। खून चढ़ाए जाने के बाद बुखार, ठंड लगना जैसे लक्षणों का उल्लेख किया गया है।

उपचार करने वाली चिकित्सक स्वाति श्रीवास्तव ने खून चढ़ाने (ट्रांसफ्यूजन) की प्रक्रिया में किसी भी तरह की चूक से इनकार किया है। उन्होंने कहा, “मैं उस समय छुट्टी पर थी। पूछताछ करने पर, मुझे बताया गया कि मरीज में ट्रांसफ्यूजन के दौरान ‘रिएक्शन’ हुआ। वह पहले से ही टीबी के कारण गंभीर रूप से बीमार थी और गर्भ के भीतर भ्रूण की मृत्यु संबंधी जटिलताएं भी थीं।”

पीड़िता के बहनोई प्रेम प्रकाश ने कहा कि परिवार को ‘बेमेल खून’ चढ़ाए जाने की कोई जानकारी नहीं थी। अस्पताल के अधिकारियों ने किसी भी अनुशासनात्मक कार्रवाई या जांच के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital