प्रीति जिंटा ने मुंबई में प्रताड़ित किए जाने का किया दावा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Apr 2023 07:42 PM
प्रीति जिंटा ने मुंबई में प्रताड़ित किए जाने का किया दावा
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेत्री-उद्यमी प्रीति जिंटा ने मुंबई की अपनी हाल की यात्रा के दौरान दो मौकों पर कथित तौर पर परेशान किये जाने के बारे में बात करते हुए कहा है कि इन घटनाओं ने उन्हें हिलाकर रख दिया है. इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में प्रीति जिंटा ने लिखा कि एक महिला ने उनकी बच्ची जिया के साथ तस्वीर लेने की कोशिश की, लेकिन जब उन्होंने ‘‘विनम्रता’’ से मना कर दिया, तो महिला ने ‘‘अचानक मेरी बेटी को अपनी बाहों में जकड़कर चुंबन ले लिया और यह कहती हुई चली गई कि कितनी प्यारी बच्ची है.’’ जिंटा ने जीन गुडइनफ से शादी की थी. उनके दो बच्चे हैं, जिनका नाम जिया और जय है.

अभिनेत्री ने लिखा, ‘‘वह महिला एक आलीशान इमारत में रहती है और संयोग से वह बगीचे में थी, जहां मेरे बच्चे खेल रहे थे. अगर मैं कोई सेलिब्रिटी (हस्ती) नहीं होती तो शायद बुरी तरह प्रतिक्रिया देती, लेकिन मैं शांत रही क्योंकि मैं कोई विवाद नहीं खड़ा करना चाहती थी.’’ आईपीएल टीम ‘ंिकग्स इलेवन पंजाब’ की सह-मालिक जिंटा ने दूसरी घटना के बारे में बताया कि वह हवाई अड्डे जा रही थीं, तभी एक दिव्यांग व्यक्ति ने उनसे पैसे मांगे, लेकिन नकदी न होने की वजह से वह पैसे नहीं दे पाईं तो वह व्यक्ति ‘‘उग्र’’ हो गया.

उन्होंने लिखा, “वह दिव्यांग व्यक्ति मुझे रोकने की कोशिश कर रहा था. वर्षों से वह मुझसे पैसे मांगता रहा है और जब मैं दे सकती थी तो मैंने दिए. इस बार जब उसने पैसे मांगे तो मैंने कहा माफ कीजिए आज मेरे पास नकद पैसे नहीं हैं, सिर्फ क्रेडिट कार्ड है.’’ अभिनेत्री ने उनकी कार का पीछा करते हुए दिव्यांग का वीडियो साझा किया और लिखा, “मेरे साथ बैठी महिला ने उसे अपने पर्स से कुछ पैसे दिए. उसने उन्हें वापस महिला के पास फेंक दिए क्योंकि उसे वह काफी नहीं लगे और उग्र बर्ताव करने लगा.” जिंटा लॉस एंजिलिस में रहती हैं. वह फिलहाल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए भारत आई हैं.

‘दिल से..’, ‘सोल्जर’, ‘कल हो ना हो’, ‘कोई… मिल गया’, ‘वीर-जारा’ और ‘लक्ष्य’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं जिंटा ने कहा लोगों को समझना चाहिए कि सेलिब्रिटी भी पहले ‘‘इंसान’’ होते हैं. उन्होंने लिखा, “इस देश में किसी और की तरह मुझे भी अपनी मर्जी से जीने का समान अधिकार है, इसलिए कृपया किसी के बारे में कोई राय बनाने से पहले सोचें और हर चीज के लिए मशहूर हस्तियों को दोष देना बंद करें. किसी कहानी के हमेशा दो पहलू होते हैं.” उन्होंने कहा, ‘‘मेरे बच्चे छोटे हैं और उनसे छोटों की तरह व्यवहार किया जाना चाहिए. वे कोई हस्ती नहीं हैं.’’ प्रीति जिंटा ने उस फोटोग्राफरों को भी लताड़ लगाई, जो दिव्यांग के पैसे मांगने वाली घटना के दौरान उनकी मदद करने के बजाय हंस रहे थे.

उन्होंने लिखा, ‘‘फोटोग्राफरों को यह घटना मजेदार लगी. हमारी मदद करने के बजाय उन्होंने वीडियो बनाई और हंसने लगे. किसी ने भी उससे यह नहीं कहा कि वह कार का पीछा न करे या हमें परेशान न करे. क्योंकि किसी को भी चोट लग सकती थी. अगर कोई दुर्घटना हो जाती, तो मुझे दोषी ठहराया जाता. मेरे सेलेब्रिटी होने पर सवाल उठाया जाता. बॉलीवुड को दोष दिया जाता और बहुत सारी नकारात्मकता फैल जाती.’’ फिल्म उद्योग के साथियों ने जिंटा की बात का समर्थन किया. अभिनेता ऋतिक रोशन ने उनकी ंिचताओं को जायज बताया जबकि अर्जुन रामपाल ने कहा कि भविष्य में जब भी वह किसी परेशानी में हों तो उन्हें ‘‘कॉल’’ करें.
प्रियंका चोपड़ा, मलाइका अरोड़ा और लिली सिंह ने भी जिंटा का समर्थन किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu