राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी ने ईद की मुबारकबाद दी

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 31 Mar 2025 12:02 PM
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी ने ईद की मुबारकबाद दी
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: ईद-उल-फितर का जश्न पूरे देश में खुशी और एकता के साथ मनाया जा रहा है। दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, लखनऊ और कोलकाता जैसे शहरों में लोग नए कपड़े पहने और दिल खोलकर मुस्कुराते हुए देखे गए।

इस बीच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, पीएम मोदी सहित कई प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को ईद-उल-फितर की मुबारकबाद दी। कामना की कि ईद सबके जीवन में सुख, समृद्धि और खुशियां लेकर आए।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ईद-उल-फितर के मुबारक मौके पर सभी देशवासियों, विशेष रूप से मुस्लिम भाइयों और बहनों को बधाई। यह त्योहार भाईचारे की भावना को मजबूत बनाता है तथा करुणा-भाव और दान की प्रवृत्ति को अपनाने का संदेश देता है। मैं कामना करती हूं कि यह पर्व सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए तथा सबके दिलों में नेकी के रास्ते पर आगे बढ़ने के जज़्बे को मजबूत बनाए।

ईद समाज में आशा, सद्भाव और दयालुता की भावना को बढ़ाए- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ईद-उल-फितर की बधाई। यह त्योहार हमारे समाज में आशा, सद्भाव और दयालुता की भावना को बढ़ाए। आपके सभी प्रयासों में खुशी और सफलता मिले। ईद मुबारक! वहीं उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने एक्स पर बधाई देते हुए लिखा कि ईद-उल-फितर के शुभ अवसर पर मैं अपने देश के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई देता हूं। ईद हमें अपनी सांस्कृतिक विविधता और हमें एकजुट करने वाले साझा बंधनों से मिलने वाली शक्ति की याद दिलाती है। इस पवित्र दिन का सार केवल उत्सव मनाने से कहीं बढ़कर है; यह एकता, करुणा और आपसी सम्मान के संवैधानिक आदर्शों को दर्शाता है जो हमारे लोकतंत्र की आधारशिला हैं। ईद की भावना हमें उन मूल्यों के प्रति खुद को फिर से प्रतिबद्ध करने के लिए प्रेरित करे जो हमारे आगे के मार्ग को रोशन करते हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पोस्ट पर लिखा कि ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्योहार सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। आशा है कि यह दिन पूरे समाज में सद्भाव और भाईचारे के बंधन को और मजबूत करेगा। ईद मुबारक!

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पोस्ट पर लिखा कि ईद-उल-फितर के इस खुशी भरे अवसर पर मैं अपने साथी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। ईद हम सभी के बीच भाईचारे, करुणा और साझा करने की भावना को गहराई से जगाती है और हमारे लोगों को एकजुट करने वाले बहुलवादी बंधन को मजबूत करती है। आइए हम इन उत्सवों से सभी के लिए समृद्धि और सौहार्द का युग शुरू करें। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट पर लिखा कि ईद मुबारक! यह खुशी का अवसर आपके और आपके प्रियजनों के लिए शांति, खुशी, समृद्धि और अच्छा स्वास्थ्य लेकर आए।

देश-प्रदेश में हमेशा अमन-चैन, भाईचारा कायम रहे-तेजस्वी यादव

राजद नेता तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा कि ईद मुबारक। इस मुबारक दिन गुजारिश है कि देश-प्रदेश में हमेशा अमन-चैन, भाईचारा कायम रहे। ईद का दिन ईनाम का दिन है। खुदा हम सब पर रहमतों की बारिश करें तथा सभी का जीवन सुख, शांति, समृद्धि और संपन्नता से परिपूर्ण हो। मुल्क में खुशहाली, भाईचारगी, तरक़्क़ी और इंसानियत की बुलंदी हो, परवरदिगार हम सबों को ज़रूरतमंदों का मददगार बनाये, इन्हीं दुआओं के साथ ख़ुदा हमारी तमाम इबादतों को क़ुबूल फरमाए।

सभी को सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए- सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेशवासियों को ईद की बधाई देते हुए कहा कि इस पर्व पर सभी को सद्भाव एवं सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद-उल-फित्र के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। कार्यालय ने लिखा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि ईद-उल-फित्र का त्योहार खुशी और मेल-मिलाप का संदेश लेकर आता है। खुशियों का यह त्योहार सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाता है। यह पर्व अमन-चैन और सौहार्द का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने लोगों से इस पर्व पर सद्भाव तथा सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital