
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और सरकार के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठन में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें एक उत्कृष्ठ प्रशासक बताया. शाह रविवार को 59 साल के हो गए. अमित शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं. उनके अध्यक्षीय कार्यकाल में भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में इतिहास रचते हुए 300 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की थी.
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”अमित शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं. वह भारत की प्रगति और गरीबों के लिए बेहतर जीवन सुनिश्चित करने को लेकर बेहद गंभीर हैं. उन्होंने एक उत्कृष्ट प्रशासक के रूप में अपनी पहचान बनाई है और भारत के सुरक्षा तंत्र को बढ.ाने और सहकारी क्षेत्र को और विकसित करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है. भाजपा को मजबूत करने में उनकी भूमिका सराहनीय है. उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं.” रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित अन्य नेताओं ने भी शाह को जन्मदिन की बधाई दी.
सिंह ने कहा, ”केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं. भारत की आंतरिक सुरक्षा को चाक चौबंद रखने में वे बड़ी प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं. अपने परिश्रम, दृढ.ता और इच्छाशक्ति के बल पर वे देश और समाज की प्रगति में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं. ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखें और दीर्घायु करें.”
नडडा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री माननीय अमित शाह को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. राष्ट्र के लिए आपका अनन्य समर्पण, कर्मठता व संगठन कुशलता हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रेरणा है. मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपका अतुल्य मार्गदर्शन सदैव हमारे संगठन को मजबूती प्रदान करता रहेगा. आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें, ईश्वर से यही कामना करता हूं.” केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने कहा, ”केंद्रीय मंत्रिमंडल में मेरे साथी गृहमंत्री अमित शाह आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें, ईश्वर से यही कामना करता हूं.”



