जी20 के आयोजन से जुड़े अनुभवों का दस्तावेजीकरण करें : प्रधानमंत्री ने अधिकारियों से कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 22 Sep 2023 08:47 PM
जी20 के आयोजन से जुड़े अनुभवों का दस्तावेजीकरण करें : प्रधानमंत्री ने अधिकारियों से कहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को जी20 शिखर सम्मेलन के आयोजन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे अपने अनुभवों का दस्तावेजीकरण करें जो भविष्य के कार्यक्रमों के आयोजन के लिए दिशानिर्देश के रूप में काम कर सकते हैं.
भारत की अध्यक्षता में यह शिखर सम्मेलन यहां भारत मंडपम में नौ से 10 सितंबर तक आयोजित किया गया था.

अधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उनके योगदान और शिखर सम्मेलन के दौरान चुनौतियों से निपटने की भावना की सराहना की. उन्होंने कहा, “जी20 शिखर सम्मेलन की सफलता का श्रेय आप सभी को जाता है. मेरा अनुरोध है कि आप अपने अनुभवों का दस्तावेजीकरण करें. यह भविष्य के कार्यक्रमों के लिए दिशानिर्देश के रूप में काम करेगा.” प्रधानमंत्री ने आयोजकों के अनुभवों का दस्तावेजीकरण करने के लिए एक वेबसाइट आरंभ करने का भी सुझाव दिया.

उन्होंने कहा, “हर कोई अपनी भाषा में लिख सकता है. आपने चुनौतियों से कैसे पार पाया. यह 100 पृष्ठों में हो सकता है और इसे आलमारी के बजाय ‘क्लाउड’ पर संग्रहित किया जा सकता है.” प्रधानमंत्री मोदी करीब 3,000 लोगों से बातचीत कर रहे थे, जिन्होंने जी20 शिखर सम्मेलन की सफलता में योगदान दिया. प्रतिभागियों में वे लोग शामिल थे जिन्होंने शिखर सम्मेलन के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर काम किया जैसे सफाईकर्मी, ड्राइवर, वेटर और विभिन्न मंत्रालयों के अन्य कर्मचारी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu