मप्र में भाजपा के 40 स्टार प्रचारकों में प्रधानमंत्री मोदी, शाह और योगी शामिल, उमा भारती का नाम गायब

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 27 Oct 2023 09:43 PM
मप्र में भाजपा के 40 स्टार प्रचारकों में प्रधानमंत्री मोदी, शाह और योगी शामिल, उमा भारती का नाम गायब
ऑडियो सुनें

भोपाल. अगले महीने होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 40 स्टार प्रचारकों की सूची में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम शामिल हैं. मध्य प्रदेश में सत्तारुढ़ भाजपा ने शुक्रवार को अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की. भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर, अश्विनी वैष्णव, पीयूष गोयल, नरेंद्र सिंह तोमर, भूपेन्द्र यादव, फग्गन सिंह कुलस्ते, अर्जुन मुंडा के अलावा अन्य लोग भी सूची में हैं.

इसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, भाजपा नेता मनोज तिवारी और मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी शामिल हैं. हालांकि, मप्र की पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती का नाम सूची से गायब है. कई लोगों का मानना है कि भारती ने 2003 में राज्य में भाजपा को सत्ता में पहुंचाया था. तब से (दिसंबर 2018 से मार्च 2020 तक की अवधि को छोड़कर जब राज्य में कांग्रेस की सरकार थी) भगवा पार्टी राज्य में शासन कर रही है.

स्टार प्रचारकों की सूची में अपना नाम गायब होने के बारे में पत्रकारों से बात करते हुए उमा भारती ने टीकमगढ़ जिले में कहा कि उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान को ‘पावर ऑफ अटॉर्नी’ (प्रचार करने के लिए) दी है. उन्होंने कहा, “अगर वह (चौहान) चाहें तो पार्टी के लिए मेरी सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं.” जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अगले साल होने वाला लोकसभा चुनाव लड़ेंगी तो तेजतर्रार नेता ने कहा कि यह सवाल भाजपा प्रमुख नड्डा से पूछा जाना चाहिए.

पिछले साल भारती ने राज्य में शराब की दुकानों के खिलाफ अभियान चलाया था, जिससे भाजपा सरकार के लिए असहज स्थिति पैदा हो गई थी. भाजपा के सूत्रों ने कहा कि राज्य में पार्टी के लगभग सभी उम्मीदवारों ने अनुरोध किया है कि प्रधानमंत्री मोदी, शाह और आदित्यनाथ को चुनाव प्रचार के लिए उनके निर्वाचन क्षेत्रों में भेजा जाए. मप्र में 230 सदस्यीय राज्य विधानसभा के लिए चुनाव 17 नवंबर को होंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu