प्रधानमंत्री मोदी 70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए मंगलवार को स्वास्थ्य बीमा की करेंगे शुरुआत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Oct 2024 08:51 PM
प्रधानमंत्री मोदी 70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए मंगलवार को स्वास्थ्य बीमा की करेंगे शुरुआत
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के तहत 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के सभी नागरिकों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वास्थ्य बीमा की शुरुआत 29 अक्टूबर को किये जाने की संभावना है. एक आधिकारिक सूत्र ने यह जानकारी दी.

नियमित टीकाकरण की इलेक्ट्रॉनिक रजिस्ट्री बनाए रखने के लिए विकसित ‘यू-विन’ पोर्टल, को भी उसी दिन प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया जाएगा. सूत्र ने कहा कि इन दोनों के अलावा, मंगलवार को कुछ अन्य परियोजनाओं की भी शुरुआत की जाएगी. यह पोर्टल अभी पायलट आधार पर संचालित किया जा रहा है.

सूत्र ने बताया कि इन दोनों परियोजनाओं के अलावा, मंगलवार को कुछ अन्य परियोजनाओं की भी शुरुआत की जाएगी. ‘यू-विन’ प्लेटफॉर्म, जो कोविड-19 टीका प्रबंधन प्रणाली ‘को-विन’ की प्रतिकृति है, को सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिलाओं के साथ-साथ जन्म से लेकर 17 वर्ष की उम्र तक के बच्चों के टीकाकरण का स्थायी डिजिटल रिकॉर्ड रखने के लिए विकसित किया गया है.

सूत्र ने कहा, ”प्रधानमंत्री द्वारा 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत विस्तारित योजना की शुरुआत किये जाने की संभावना है. इससे लगभग 4.5 करोड़ परिवारों के लगभग छह करोड़ नागरिकों को लाभ मिलेगा.” सत्तर वर्ष या उससे अधिक उम्र का प्रत्येक व्यक्ति आयुष्मान कार्ड पाने के लिए पात्र है और विस्तारित योजना शुरू होने पर ‘एबी पीएमजेएवाई’ के तहत किसी भी सूचीबद्ध अस्पताल में पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा सकता है.

एक सितंबर 2024 तक 12,696 निजी अस्पतालों सहित कुल 29,648 अस्पतालों को पीएमजेएवाई के तहत सूचीबद्ध किया गया है. यह योजना वर्तमान में दिल्ली, ओडिशा और पश्चिम बंगाल को छोड़कर 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लागू की जा रही है. सूत्र ने बताया कि आधार कार्ड में दर्ज उम्र के अनुसार, 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति इस योजना के लिए आवेदन करने के लिए पात्र होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu