असम में 18,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास करेंगे प्रधानमंत्री: हिमंत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 07 Mar 2024 06:32 PM
असम में 18,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास करेंगे प्रधानमंत्री: हिमंत
ऑडियो सुनें

गुवाहटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी असम के अपने दो दिवसीय दौरे में करीब 18,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. शर्मा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री पहली बार संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) द्वारा घोषित विश्व धरोहर स्थल काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करेंगे और वहां सफारी का भी आनंद लेंगे.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री केंद्र और राज्य की करीब 18,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.
प्रधानमंत्री ने 14 फरवरी को 11,600 करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की शुरुआत की थी. वह 13 मार्च को टाटा समूह के 27,000 करोड़ रुपये के सेमीकंडक्टर संयंत्र की आधारशिला भी रख सकते हैं. प्रधानमंत्री के दौरे का विवरण देते हुए शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार दोपहर बाद असम पहुंचेंगे और काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में रात बिताएंगे.

शर्मा ने कहा कि वह तेजपुर हवाई अड्डे पर शाम चार बजे उतरेंगे और फिर हेलीकाप्टर के माध्यम से काजीरंगा पहुंचेंगे. वहीं, शनिवार को सुबह साढ़े पांच बजे वह पार्क में प्रवेश करेंगे और करीब दो घंटे तक वहां रहेंगे. उन्होंने कहा कि असम सरकार ने प्रधानमंत्री के लिए हाथी और जीप दोनों की सवारी तैयार रखी है. शर्मा ने कहा, ”विश्व धरोहर स्थल काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा होगी और मुझे यह भी विश्वास है कि काजीरंगा में रात बिताने वाले वह पहले प्रधानमंत्री होंगे. हालांकि, मुझे रिकॉर्ड की भी जांच करनी होगी.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इसके बाद अरूणाचल प्रदेश के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां वह असम के जोरहाट में लौटने से पहले दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे. शर्मा ने कहा कि हैलीपैड से हॉलोंगापार पर उतरने के बाद वह जोरहाट में अहोम साम्राज्य के जनरल लचित बोरफुकन की 125 फुट ऊंची प्रतिमा का उद्घाटन करेंगे. इस प्रतिमा का निर्माण राम वनजी सुतार ने किया है, जिसकी ऊंचाई 84 फुट है. वहीं, 41 फुट के पेडस्टल के साथ मूर्ति की कुल ऊंचाई 125 फुट है.

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने फरवरी 2022 में लचित बोरफुकन की 400वीं जयंती समारोह की शुरुआत की थी और महान कमांडर की 150 फुट की कांस्य प्रतिमा की नींव रखी थी. टेओक के पास होल्लोंगापार में 16.5 एकड़ से अधिक क्षेत्र में उनके स्मारक का निर्माण किया जाएगा.

शर्मा ने कहा कि प्रतिमा के पहले चरण का काम पूरा हो चुका है और दूसरे चरण का काम चल रहा है. उन्होंने कहा कि पहली दीर्घा में अहोम राजवंश के 600 साल के शासन का इतिहास प्रस्तुत किया जाएगा, जबकि दूसरी दीर्घा में समकालीन असम का इतिहास होगा.
उन्होंने कहा कि वहां एक ऑडिटोरियम का भी निर्माण होगा जिसमें 500 लोगों के बैठने की क्षमता होगी. इस परियोजना की कुल लागत 214 करोड़ रुपये होगी.

लचित बोरफुकन अहोम साम्राज्य (1228-1826) के एक प्रसिद्ध सेना कमांडर थे. उन्हें 1671 में ब्रह्मपुत्र पर ‘सरायघाट की लड़ाई’ में उनके नेतृत्व के लिए जाना जाता है, जिसने राजा रामसिंह-प्रथम के नेतृत्व में शक्तिशाली मुगल सेना द्वारा असम को छीनने के प्रयास को विफल कर दिया था.

प्रतिमा का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी केंद्र और राज्य दोनों सरकारों के द्वारा वित्त पोषित की गईं कई बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं को शुरू करने के लिए सड़क मार्ग से जोरहाट जिले के मेलेंग जाएंगे और वहां जनसभा को संबोधित करेंगे.
शर्मा ने कहा कि वह लाभार्थियों को 5,55,555 प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) घर सौंपेंगे.

उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री तिनसुकिया मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का उद्घाटन करेंगे वहीं वह शिवासागर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की नींव रखेंगे. शर्मा ने बताया कि मोदी पीएम-डिवाइन योजना के तहत गुवाहाटी में डॉ. बी बोरूआ कैंसर संस्थान (बीबीसीआई) में 300 करोड़ रुपये की बाल कैंसर उपचार परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जिन अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उनमें डिगबोई में तेल शोधक संयंत्र की क्षमता 0.65 एमएमटीपीए (768 करोड़ रुपये) से बढ़ाकर 10 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष (एमएमटीपीए) और गुवाहाटी में 1 एमएमटीपीए (510 करोड़ रुपये) से बढ़ाकर 1.2 एमएमटीपीए करने का काम शामिल है.

उन्होंने कहा कि मोदी आईओसी के बेटकुची र्टिमनल (277 करोड़ रुपये) का विस्तार कार्य भी शुरू करेंगे, गुवाहाटी तक बरौनी-नुमालीगढ़ गैस पाइपलाइन (3,992 करोड़ रुपये) का उद्घाटन करेंगे. साथ ही वह गुवाहाटी से बोंगाईगांव (572 करोड़ रुपये) और दुलियाजान से डिगबोई (51 करोड़ रुपये) तक कच्चे तेल की आपूर्ति के लिए ओआईएल के दो पंपिंग स्टेशनों को सर्मिपत करेंगे.
हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि इसके अलावा प्रधानमंत्री पटरियों के दोहरीकरण की 1,328 करोड़ रुपये की दो रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इन परियोजनाओं में पहली धूपधारा से छयगांव तक और दूसरी न्यू बोंगाईगांव से सरभोग तक है.

शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के बाद वह पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो जाएंगे. यह पूछे जाने पर कि क्या दो दिवसीय यात्रा असम में मोदी के चुनाव अभियान की शुरुआत होगी, शर्मा ने कहा, “प्रधानमंत्री अक्सर पूर्वोत्तर राज्य में आते हैं. साल (2023-24) में असम में यह उनकी तीसरी यात्रा होगी. मुझे नहीं लगता कि इसका चुनाव से कोई संबंध है. अगर लचित बोरफुकन की मूर्ति पहले तैयार हो जाती, तो वह तब आते.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu