विनेश फोगाट मामले में पीटी उषा को उचित कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री का निर्देश : मांडविया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 Aug 2024 10:02 PM
विनेश फोगाट मामले में पीटी उषा को उचित कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री का निर्देश : मांडविया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. सरकार ने बुधवार को लोकसभा को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पेरिस ओलम्पिक में पहलवान विनेश फोगाट के प्रतियोगिता से बाहर होने के मामले में भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) को जरूरी कार्रवाई के लिए कहा है. खेल एवं युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया ने विनेश फोगाट के मामले में सदन में दिये बयान में कहा कि आईओए की प्रमुख पीटी उषा पेरिस में ही हैं और प्रधानमंत्री ने उनसे खुद बात की है. मांडविया ने कहा कि विनेश का वजन 50 किलोग्राम से 100 ग्राम अधिक पाया गया. उन्होंने कहा कि इस मामले में भारतीय ओलम्पिक संघ ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती संघ से कड़ा विरोध भी दर्ज कराया है.

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा भी पेरिस में हैं. प्रधानमंत्री ने स्वयं उनके साथ बातचीत करके उचित कार्रवाई के लिए उन्हें कहा है.” उन्होंने कहा कि विनेश मंगलवार को तीन मुकाबले जीतकर फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला पहलवान बनी थीं और जहां तक ओलम्पिक की तैयारी के लिए आर्थिक सहायता का प्रश्न है तो भारत सरकार ने आवश्यकता के अनुसार विनेश की हरसंभव मदद की है.

उन्होंने कहा कि विनेश के लिए विशेष स्टाफ नियुक्त किये गये हैं, जो अपने क्षेत्र के विशेषज्ञ हैं. मंत्री के अनुसार उनके साथ हंगरी के विख्यात कोच वोलर आकोस और फीजियो अश्विनी पाटिल हमेशा रहते हैं. मांडविया ने कहा कि विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों के लिए दी गयी वित्तीय सहायता के अलावा उन्हें रीहैब (स्वास्थ्य लाभ) प्रक्रिया के तहत आवश्यक उपकरण खरीदने के लिए भी सहायता प्रदान की गयी है.

उन्होंने कहा कि विनेश को पेरिस ओलम्पिक के लिए कुल 70,45,775 रुपये की सहायता दी गयी है, जिनमें टार्गेट ओलम्पिक पोडियम स्कीम में 53,35,746 रुपये और वार्षिक ट्रेनिंग एवं स्पर्धा कैलेण्डर में करीब 17.10 लाख रुपये शामिल हैं. मांडविया ने कहा कि 2020 के टोक्यो ओलम्पिक में भी उन्हें 1,13,98,224 रुपये की सहायता दी गयी थी. विनेश को महिलाओं की 50 किलोग्राम कुश्ती स्पर्धा के फाइनल से पहले वजन अधिक पाये जाने के कारण बुधवार को ओलम्पिक से अयोग्य घोषित कर दिया गया. विनेश ने ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनकर इतिहास रचा था. सुबह तक उनका कम से कम रजत पदक पक्का लग रहा था, लेकिन अब वह बिना किसी पदक के लौटेंगी.

विनेश फोगाट 1.4 अरब लोगों के दिलों में चैंपियन बनी हुई हैं: राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को कहा कि पेरिस ओलंपिक में पहलवान विनेश फोगाट की ”असाधारण उपलब्धियों” ने हर भारतीय को रोमांचित किया है और देश को गौरवान्वित किया है. मुर्मू ने कहा, ”पहलवान विनेश फोगाट को अयोग्य करार दिए जाने से हम सब निराश हैं लेकिन वह 1.4 अरब लोगों के दिलों में चैंपियन बनी हुई हैं.”  मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”पेरिस ओलंपिक में विनेश फोगाट की असाधारण उपलब्धियों ने हर भारतीय को रोमांचित किया है और देश को गौरवान्वित किया है.” राष्ट्रपति ने कहा, ”विनेश वास्तव में भारतीय महिलाओं की अथक भावना का प्रतीक हैं और उनका अद्भुत धैर्य तथा दृढ.ता पहले से ही भारत के भविष्य के विश्व चैंपियनों को प्रेरित कर रहा है. मैं भविष्य में उनकी सफलता की कामना करती हूं.”

विनेश वास्तव में एक चैम्पियन हैं: नड्डा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पहलवान विनेश फोगाट को वास्तविक ‘चैम्पियन’ करार देते हुए बुधवार को कहा कि भले ही ओलंपिक से अयोग्य करार देने से लाखों भारतीयों की उम्मीदें टूट गई हैं लेकिन एक विश्व चैम्पियन पर उनकी जीत उनके पराक्रम का सबूत है. इस घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए केंद्रीय मंत्री नड्डा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”विनेश फोगाट, आपकी पूरी ओलंपिक यात्रा अविश्वसनीय रूप से प्रेरणादायक रही और विश्व चैम्पियन पर आपकी जीत आपके कौशल का प्रमाण है.” उन्होंने कहा, ”इस झटके ने वास्तव में लाखों भारतीयों की उम्मीदों को तोड़ दिया है, लेकिन यह याद रखना महत्वपूर्ण है कि हर चैम्पियन चुनौतियों का सामना करता है. हमारा मानना है कि यह केवल आपको और भी मजबूत बनाएगा. आप वास्तव में हमारे लिए एक चैम्पियन हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu