पटियाला। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले जोड़-तोड़ की राजनीति तेज हो गई है। रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) से इस्तीफा देने वाले चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा सोमवार को भाजपा में शामिल हो गए। दोनों ने दिल्ली में पार्टी की सदस्यता ली। उनके साथ कुंवर विजय प्रताप सिंह भी भाजपा में शामिल हुए।
40 उम्मीदवारों की सूची के बाद छोड़ी पार्टी
पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। शनिवार को आप ने चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसके बाद पटियाला जिले की समाना सीट से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने रविवार को आप की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। दोनों के इस्तीफे के पीछे टिकट न मिलने की नाराजगी को वजह बताया जा रहा है।
आप बोली- सदस्यता रद्द करवाएंगे
आप ने कहा है कि वह जौड़ामाजरा और पठानमाजरा की विधानसभा सदस्यता रद्द करवाएगी। इसके लिए पार्टी विधानसभा स्पीकर से मांग करेगी। पार्टी का दावा है कि विरोधी गतिविधियों के चलते दोनों विधायकों को पहले ही सस्पेंड किया जा चुका था, जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा दिया।
कौन हैं कुंवर विजय प्रताप सिंह?
कुंवर विजय प्रताप सिंह पूर्व आईपीएस अधिकारी हैं और अमृतसर उत्तरी से विधायक हैं। वे कोटकपूरा और बहिबल कलां मामले की जांच करने वाली एसआईटी के प्रमुख रह चुके हैं। आप ने उन्हें 2025 में पांच साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया था। उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा देने की घोषणा एक्स पर की थी।
सियासी बयानबाजी तेज
भाजपा नेता बिट्टू ने कहा है कि आप चुनाव से पहले ही बिखर रही है। इस पर आप के चीमा ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा दूसरे दलों से रिजेक्ट किए गए नेताओं को इकट्ठा कर रही है। अमृतसर में धालीवाल ने भी भाजपा को दूसरे दलों के दागी नेताओं का कबाड़खाना बताया।