प्रभसिमरन और अय्यर के अर्धशतक से पंजाब किंग्स ने सुपर जाइंट्स को हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 01 Apr 2025 11:12 PM
प्रभसिमरन और अय्यर के अर्धशतक से पंजाब किंग्स ने सुपर जाइंट्स को हराया
ऑडियो सुनें

लखनऊ. अर्शदीप सिंह की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर के तूफानी अर्धशतक से पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में मंगलवार को यहां लखनऊ सुपर जाइंट्स को आठ विकेट से हराकर दो मैच में दूसरी जीत दर्ज की.

सुपर जाइंट्स के 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स ने प्रभसिमरन की 34 गेंद में तीन छक्कों और नौ चौकों से 69 रन की पारी और कप्तान श्रेयस अय्यर (52 रन, 30 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) के साथ उनकी दूसरे विकेट की 84 रन की साझेदारी की बदौलत 16.2 ओवर में दो विकेट पर 177 रन बनाकर जीत हासिल की. अय्यर ने निहाल वढेरा (नाबाद 43, 25 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) के साथ तीसरे विकेट के लिए 67 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया. लेग स्पिनर दिग्वेश राठी सुपर जाइंट्स के सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 30 रन देकर दो विकेट चटकाए.

सुपर जाइंट्स ने इससे पहले निकोलस पूरन के 44 और आयुष बडोनी के 41 रन की बदौलत सात विकेट पर 171 रन बनाए. बडोनी ने डेथ ओवरों में अब्दुल समद (27) के साथ छठे विकेट के लिए सिर्फ 21 गेंद में 47 रन जोड़कर टीम का स्कोर 170 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

पंजाब किंग्स की ओर से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 43 रन देकर तीन विकेट चटकाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरे पंजाब किंग्स के लिए प्रभसिमरन ने शारदुल ठाकुर के पहले ही ओवर में लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा लेकिन प्रियांश आर्या (08) राठी की गेंद पर जीवनदान मिलने के बावजूद एक गेंद बाद शारदुल को कैच दे बैठे. प्रभसिमरन ने आवेश खान पर छक्का जड़ने के बाद रवि बिश्नोई की लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का मारा और अय्यर के साथ मिलकर पावर प्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 62 रन तक पहुंचाया. अय्यर ने भी मनिमारन सिद्धार्थ पर छक्का जड़ा जबकि प्रभसिमरन ने इस बाएं हाथ के स्पिनर की गेंद पर एक रन के साथ सिर्फ 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. पंजाब के रनों का शतक 10वें ओवर में पूरा हुआ. राठी ने अगले ओवर में प्रभसिमरन को बाउंड्री पर बिश्नोई के हाथों कैच कराके सुपर जाइंट्स को राहत दिलाई.

निहाल वढेरा ने आते ही राठे पर चौका मारा और फिर बिश्नोई पर दो छक्के और एक चौका जड़ा जबकि अय्यर ने भी आवेश पर चौका और छक्का मारा. पंजाब किंग्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए सिर्फ 17 रन की दरकार थी. निहाल ने 16वें ओवर में शारदुल की लगातार गेंदों पर दो छक्के और चौका मारा जबकि अय्यर ने समद पर छक्के के साथ टीम को जीत दिलाई और 30 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.

अय्यर ने इससे पहले टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और अर्शदीप ने पहले ही ओवर में मिचेल मार्श (00) को मार्को यानसेन के हाथों कैच करा दिया. सलामी बल्लेबाज एडेन मारक्रम (28) ने अर्शदीप के अगले ओवर में तीन चौके मारे लेकिन वह इस दौरान भाग्यशाली भी रहे जब इस तेज गेंदबाज ने उनका कैच टपका दिया. मारक्रम ने लॉकी फर्ग्युसन (26 रन पर एक विकेट) की लगातार गेंदों पर भी चौका और छक्का मारा लेकिन अगली गेंद पर बोल्ड हो गए. उन्होंने 18 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का मारा.

कप्तान ऋषभ पंत (02) एक बार फिर नाकाम रहे और ग्लेन मैक्सवेल (22 रन पर एक विकेट) की गेंद पर शॉर्ट फाइन लेग पर युजवेंद्र चहल को कैच दे बैठे जिससे टीम का स्कोर तीन विकेट पर 35 रन हो गया. सुपर जाइंट्स ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 39 रन बनाए.
पूरन और बडोनी ने इसके बाद पारी को आगे बढ.ाया. पूरन ने मैक्सवेल पर लगातार दो चौके मारे जबकि बडोनी ने यानसेन (28 रन पर एक विकेट) की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया.

पूरन ने 10वें ओवर में चहल को निशाना बनाते हुए उनके ओवर में दो चौके और एक छक्का मारा और फिर मार्कस स्टोइनिस की लगातार गेंदों पर भी छक्का और चौका जड़ा. पूरन हालांकि चहल की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर मैक्सवेल को कैच दे बैठे जिससे बडोनी के साथ उनकी 54 रन की साझेदारी का अंत हुआ. उन्होंने 30 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके और दो छक्के मारे. बडोनी ने फर्ग्युसन पर छक्के के साथ 13वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया.

डेविड मिलर (19) ने भी मैक्सवेल पर लगातार दो चौकों के साथ तेवर दिखाए लेकिन यानसेन की गेंद पर विकेटकीपर प्रभसिमरन को कैच दे बैठे. समद ने आते ही चहल पर छक्का जड़ा और फिर अर्शदीप की लगातार गेंदों पर छक्के और दो चौकों के साथ 18वें ओवर में टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया. अर्शदीप ने अंतिम ओवर में बडोनी और समद दोनों को आउट किया. बडोनी ने 33 गेंद का सामना करते हुए एक चौका और तीन छक्के मारे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu