पंजाब के स्पिनरों ने सीएसके को सात विकेट पर 162 रन पर रोका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 May 2024 10:25 PM
पंजाब के स्पिनरों ने सीएसके को सात विकेट पर 162 रन पर रोका
ऑडियो सुनें

चेन्नई. कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की 48 गेंद में 62 रन की पारी के बावजूद राहुल चाहर और हरप्रीत बराड़ की शानदार फिरकी से पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में बुधवार को यहां चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) को सात विकेट पर 162 रन पर रोक दिया. राहुल चाहर और बराड़ ने दो-दो विकेट चटकाने के अलावा अपने कोटे के चार-चार ओवर में बिना कोई बाउंड्री खाये क्रमश: 16 और 17 रन दिये.

बल्लेबाजी के लिए मुश्किल परिस्थितियों में गायकवाड़ ने एक छोर संभाले रखा और 48 गेंद की पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाकर लगातार दूसरा अर्धशतक बनाया. वह इससे साथ ही इस सत्र में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गये. उनके नाम 10 मैचों में 509 रन हो गये हैं. गायकवाड़ ने दूसरे ओवर में अर्शदीप सिंह (52 रन पर एक विकेट) के खिलाफ दो चौके जड़े लेकिन पंजाब के गेंदबाजों ने शुरुआती चार ओवर में चेन्नई के सलामी बल्लेबाजों को खुल कर खेलने का मौका नहीं दिया. पांचवें ओवर में गायकवाड़ ने फिर से इस गेंदबाज के खिलाफ दो चौके जड़े जबकि अजिंक्य रहाणे (29) ने छठे ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर सैम कुरने के खिलाफ चौके लगाकर पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की. पावरप्ले में टीम ने बिना किसी नुकसान के 55 रन बनाये.

पावरप्ले के बाद कप्तान कुरेन ने गेंद स्पिनरों को सौपीं. राहुल चाहर और बराड़ ने अगले सात ओवर में सिर्फ 30 रन खर्च कर तीन विकेट चटकाये. बराड़ ने नौवें ओवर में लगातार गेंदों पर रहाणे और शिवम दुबे (शून्य) को चलता किया. अगले ओवर में राहुल चाहर ने रविंद्र जडेजा (दो) को आउट किया. दुबे और जडेजा ने पगबाधा होने के साथ टीम का रिव्यू भी गंवा दिया. इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर क्रीज पर आये समीर रिजवी (21) भी रनगति को बढ़ाने में विफल रहे.

टीम ने 15वें ओवर में रनों का शतक पूरा किया. अगले ओवर में रिजवी ने कागिसो रबाडा (23 रन पर एक विकेट) के खिलाफ चौका लगाया. चेन्नई के लिए 55 गेंद के अंतराल पर बल्ले से यह चौका आया था. वह हालांकि अगली गेंद पर थर्ड मैन की दिशा में हर्षल पटेल को कैच थमा बैठे. रुतुराज ने 17वें ओवर में सैम कुरेन के खिलाफ छक्का लगाकर 44 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर एक और छक्के के साथ ओवर से 20 रन बटोरे.

अगले ओवर में मोईन ने अर्शदीप के खिलाफ छक्का और चौका लगाया लेकिन बायें हाथ के इस गेंदबाज ने गायकवाड़ की शानदार पारी को खत्म किया. 19वें ओवर में राहुल चाहर ने सिर्फ तीन रन खर्च कर मोईन अली की नौ गेंद में 15 रन की पारी को खत्म किया.
महेंद्र सिंह धोनी (14) ने आखिरी ओवर में अर्शदीप के खिलाफ चौका और छक्का लगाया लेकिन अंतिम गेंद पर रन आउट हो गये.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu