पुतिन ने मोदी से जी-20 की बैठक में भाग लेने में असमर्थता जतायी, लावरोव करेंगे रूस का प्रतिनिधित्व

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 28 Aug 2023 09:30 PM
पुतिन ने मोदी से जी-20 की बैठक में भाग लेने में असमर्थता जतायी, लावरोव करेंगे रूस का प्रतिनिधित्व
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की जिसमें रूसी नेता ने नयी दिल्ली में अगले महीने आयोजित होने वाले जी- 20 के शिखर सम्मेलन में भाग लेने में अपनी असमर्थता से अवगत कराया पुतिन ने प्रधानमंत्री से कहा कि रूस का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में यह जानकारी दी.

बयान के अनुसार, बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग के कई मुद्दों पर प्रगति की समीक्षा करने के साथ ही जोहानिसबर्ग में हाल ही में संपन्न ब्रिक्स शिखर सम्मेलन सहित आपसी सरोकार के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया.

पीएमओ के मुताबिक, टेलीफोन पर हुई इस बातचीत के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने 9-10 सितंबर को नयी दिल्ली में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने में असमर्थता व्यक्त की और प्रधानमंत्री को बताया कि इस बैठक में रूस का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव करेंगे.

रूस के इस निर्णय का सम्मान करते हुए प्रधानमंत्री ने भारत की जी-20 अध्यक्षता के तहत सभी पहल में रूस के निरंतर समर्थन के लिए राष्ट्रपति पुतिन को धन्यवाद दिया. पीएमओ के मुताबिक, दोनों नेताओं ने संपर्क में बने रहने पर सहमति जताई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu