राहुल ने केंद्रीय मंत्री के बेटे के वीडियो पर भाजपा की आलोचना की, मोदी सरकार से किया सवाल

राहुल ने मप्र को देश की 'भ्रष्टाचार राजधानी' बताया

हरदा/नीमच. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कथित रूप से एक केंद्रीय मंत्री के बेटे को “किसानों, गरीबों और मजदूरों का पैसा चुराते हुए” दिखाने वाले वीडियो के संदर्भ में सोमवार को सवाल किया कि क्या नरेन्द्र मोदी सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय, केंद्रीय जांच ब्यूरो और आयकर विभाग को इसकी जांच के लिए भेजा है? विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग की हालिया कार्रवाई के परोक्ष संदर्भ में यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, “आपने (केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह) तोमर के बेटे का वीडियो देखा होगा, जो बिना छुपाए, बिना डरे और खुलेआम वीडियो कॉल पर किसानों, गरीबों और मजदूरों का पैसा चुरा रहा है. क्या मोदी जी ने कोई कार्रवाई की? क्या ईडी, सीबीआई, आईटी विभाग ने कार्रवाई की ?”

केंद्रीय मंत्री के बेटे ने दावा किया है कि वीडियो फर्जी है और इस संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है. गांधी मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी के अभियान के तहत हरदा में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे. चुनाव के नतीजे तीन दिसंबर को घोषित किए जाएंगे. गांधी ने जनसभा में आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार 50 प्रतिशत कमीशन पर काम करती है और हर चीज में भ्रष्टाचार करती है.

मार्च 2020 में कमलनाथ सरकार के पतन पर राहुल गांधी ने भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए आरोप लगाया कि “भाजपा ने बड़े उद्योगपतियों के साथ मिलकर” 27 लाख किसानों के ऋण माफ करने का दावा किया लेकिन किसानों, मजदूरों और छोटे दुकान मालिकों की कांग्रेस सरकार को गिरा दिया. उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासन में राज्य में कर्ज के कारण 18 हजार किसानों ने आत्महत्या की है.

उन्होंने आरोप लगाया कि (गौतम) अडानी जैसे उद्योगपतियों के फायदे के लिए नोटबंदी की गई, जबकि इससे छोटे दुकान मालिकों और देश के आम नागरिकों पर गंभीर असर पड़ा. उन्होंने कहा कि रोजगार छोटे व्यापारियों और व्यवसायों द्वारा प्रदान किया जाता है, न कि बड़े उद्योगों द्वारा. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कहा था कि नोटबंदी से काले धन की समस्या पर अंकुश लगेगा लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ.

कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन पर ”खुले तौर पर झूठ” बोलने का आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश में 500 कारखाने स्थापित किए हैं. गांधी ने लोगों से पूछा कि क्या उन्होंने नीमच में ऐसी एक भी इकाई देखी है? उन्होंने कहा कि ये सब झूठ अब नहीं चलेगा क्योंकि सत्ता विरोधी एक लहर है और कांग्रेस राज्य विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करेगी.

उन्होंने पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार द्वारा उठाए गए कल्याणकारी कदमों की सराहना की और कहा कि उनकी पार्टी की सरकार बनने के बाद इन्हें मध्य प्रदेश में भी लागू किया जाएगा. भाजपा की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल आदिवासियों को ‘वनवासी’ के रूप में संर्दिभत करता है, जबकि सही शब्द आदिवासी या मूल निवासी है, जिसका उपयोग कांग्रेस करती है.

सीधी मामले का जिक्र करते हुए गांधी ने कहा, ” एक भाजपा नेता ने एक आदिवासी व्यक्ति के चेहरे पर पेशाब किया, वीडियो बनाया और उसे वायरल कर दिया . वे बेशर्म हैं! इस वीडियो में उनकी सोच छुपी हुई है!” गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस चाहती है कि आदिवासी समुदाय के बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और उद्योगपति बनें, वहीं भाजपा उन्हें अंग्रेजी शिक्षा से दूर रखना चाहती है.

गांधी ने कहा कि भाजपा नेता चाहते हैं कि उनके अपने बेटे और बेटियां अंग्रेजी पढ़ें, लेकिन आदिवासी आधुनिक शिक्षा से दूर रहें.
उन्होंने जनता से वादा किया कि सत्ता में आने पर उनकी पार्टी की सरकार 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराएगी, किसानों का दो लाख रुपये तक का कर्ज माफ करेगी, गेहूं के लिए 2,600 रुपये का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देगी तथा 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली देगी. गांधी का भोपाल में एक रोड शो और शाम को नरेला में एक नुक्कड़ सभा में हिस्सा लेने का कार्यक्रम है.

राहुल ने मप्र को देश की ‘भ्रष्टाचार राजधानी’ बताया

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को मध्य प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि यह राज्य देश की ” भ्रष्टाचार राजधानी” है. मध्य प्रदेश के नीमच जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, राहुल गांधी ने केंद्र और राज्यों में कांग्रेस के सत्ता में आने पर जाति जनगणना का भी वादा किया और विश्वास जताया कि उनकी पार्टी प्रदेश के विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करेगी.

उन्होंने वादा किया कि उनकी पार्टी की सरकार 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराएगी, किसानों का दो लाख रुपये तक का कर्ज माफ करेगी, गेहूं के लिए 2,600 रुपये का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देगी तथा 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली देगी.
मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा के लिए 17 नवंबर को मतदान होने हैं.

गांधी ने कहा, “कांग्रेस ने राज्य में (2018 के विधानसभा चुनावों के बाद) सरकार बनाई थी और जैसे ही उसने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ कर किसानों के लिए काम करना शुरू किया, भाजपा ने बड़े उद्योगपतियों के साथ मिलकर किसानों, मजदूरों और छोटे दुकानदारों की सरकार छीन ली और सत्ता में वापस आ गये.” उन्होंने दावा किया, ”मध्य प्रदेश देश में भ्रष्टाचार की राजधानी है.”

गांधी ने सोशल मीडिया में प्रसारित एक वीडियो का भी जिक्र किया जिसमें केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे और एक “बिचौलिए” को कथित तौर पर करोड़ों रुपये के बारे में बात करते हुए दिखाया गया है. कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि ”वीडियो में तोमर जी का बेटा बैठकर आपके पैसे चुराता दिख रहा है.”

उन्होंने मध्य प्रदेश के विधायकों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया, “यहां भाजपा के विधायक और मंत्री भी कम नहीं हैं. वे किसानों और मजदूरों से पैसे चुराने में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं.” गांधी ने दावा किया कि राज्य में 18,000 किसानों ने कर्ज के कारण आत्महत्या की है और जब कांग्रेस सरकार ने कृषि ऋण माफ करने की शुरुआत की तो भाजपा ने उसकी (कांग्रेस सरकार की) “चोरी” कर ली.

उन्होंने दावा किया कि अडाणी जैसे उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए नोटबंदी की गई, लेकिन इससे छोटे दुकान मालिकों और आम लोगों पर भारी असर पड़ा. गांधी ने कहा कि रोजगार छोटे व्यापारियों द्वारा दिया जाता है, न कि बड़े उद्योगों द्वारा. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कहा कि नोटबंदी से काले धन की समस्या पर अंकुश लगेगा, लेकिन कुछ नहीं हुआ.

कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन पर ”खुले तौर पर झूठ” बोलने का आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश में 500 कारखाने स्थापित किए हैं. गांधी ने लोगों से पूछा कि क्या उन्होंने नीमच में ऐसी एक भी इकाई देखी है? उन्होंने कहा, ”ये सब चीजें अब नहीं रहेंगी क्योंकि एक लहर है और कांग्रेस राज्य विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करेगी.” गांधी ने यह भी कहा कि जिस दिन उन्होंने ओबीसी समुदाय के बारे में बात करना शुरू किया और देश में उनकी सही संख्या (जातिगत गणना) के बारे में सवाल किया, प्रधानमंत्री मोदी ने इस बारे में बोलना बंद कर दिया.

उन्होंने कहा कि अब, मोदी जी कहते हैं कि हिंदुस्तान में कोई जाति नहीं है और गरीबी ही एकमात्र जाति है जो देश में मौजूद है.
गांधी ने राष्ट्रीय और राज्य के बजट के संबंध में ओबीसी समुदाय की दुर्दशा को उजागर करते हुए कहा, “केंद्र में 90 अधिकारियों” में से केवल तीन ओबीसी श्रेणी से हैं और मध्य प्रदेश में “53 अधिकारियों” में से केवल एक ओबीसी समुदाय से है.

पार्टी के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि अगर कांग्रेस केंद्र और राज्यों की सत्ता में आती है, तो सबसे पहले वह ओबीसी की सही संख्या जानने और उनके साथ न्याय के लिए जाति आधारित जनगणना कराएगी. गांधी ने छत्तीसगढ़ में लोगों के कल्याण के लिए कांग्रेस सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें मध्य प्रदेश में भी लागू किया जाएगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button