राहुल गांधी में अमेठी से चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं है: राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 18 Apr 2024 07:11 PM
राहुल गांधी में अमेठी से चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं है: राजनाथ सिंह
ऑडियो सुनें

पत्तनमथिट्टा. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष किया और कहा कि 2019 में अमेठी लोकसभा सीट से हार के बाद उनमें इस बार वहां से चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं है. सिंह ने कहा कि गांधी अपनी हार के बाद उत्तर प्रदेश से केरल पलायन कर गए हैं.

उन्होंने भाजपा उम्मीदवार अनिल के एंटनी के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए कटाक्ष किया,” मैंने सुना है कि वायनाड के लोगों ने उन्हें (राहुल गांधी) अपना सांसद नहीं बनाने का फैसला किया है.” सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि देश में विभिन्न अंतरिक्ष कार्यक्रम और परियोजनाएं लॉन्च की जा रही हैं ”लेकिन कांग्रेस के युवा नेता पिछले 20 वर्ष में ‘लॉन्च’ नहीं हो पाए.” उन्होंने वायनाड से कांग्रेस सांसद पर कटाक्ष करते हुए कहा, ”कांग्रेस पार्टी का ‘राहुलयान’ न तो ‘लॉन्च’ हो पाया और न ही कहीं ‘लैंड’ कर पाया.

राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ए के एंटनी की सराहना की और उन्हें एक ऐसा अनुशासित तथा सिद्धांतवादी व्यक्ति बताया जिनकी ईमानदारी और सत्यनिष्ठा पर सवाल नहीं उठाया जा सकता. सिंह ने कहा कि वह एंटनी के इस बयान पर हैरान रह गए कि अनिल एंटनी चुनाव हार जाएं.

सिंह ने कहा,” मैं जानता हूं कि वह (ए के एंटनी) सिद्धांतवादी व्यक्ति हैं और मैं उनकी मजबूरियां समझता हूं. उनके लिए अनिल एंटनी का समर्थन करना मुश्किल है. हालांकि मैं उनसे कहना चाहूंगा कि अनिल आपका बेटा है.” उन्होंने कहा,” आप (ए के एंटनी) उन्हें (अनिल) वोट न दें या उनके लिए वोट नहीं मांगे लेकिन आप उनके पिता हैं और इस नाते मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आपका आशीर्वाद उनके साथ हो.” अपने भाषण में भाजपा नेता ने कांग्रेस और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) पर भरोसेमंद नहीं होने का भी आरोप लगाया.

सिंह ने कहा कि वे केरल में एक-दूसरे से लड़ने का दिखावा करते हैं जबकि इसके बाहर वे भाजपा के खिलाफ मिलकर प्रचार कर रहे हैं.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और कांग्रेस नीत एलडीएफ की सरकारों के कारण केरल की हालत खराब है. सिंह ने साथ ही लोगों से भाजपा को सशक्त बनाने का आग्रह किया.

सिंह ने केरल की आर्थिक समस्याओं के मुद्दे पर भी एलडीएफ पर हमला किया और कहा कि ये वामपंथी प्रशासन के कुप्रबंधन के कारण पैदा हुई हैं और दावा किया कि उच्चतम न्यायालय ने भी इस बात को माना है. राजनाथ सिंह ने बुधवार को कासरगोड, वटकारा और कन्नूर लोकसभा सीट पर अपनी चुनावी रैलियों के दौरान भी ये आरोप लगाए थे. सिंह ने अपने संबोधन में अनिल एंटनी की जमकर प्रशंसा की और लोगों से उन्हें वोट देने का आग्रह किया. केरल में लोकसभा चुनाव 26 अप्रैल को होंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu