राहुल की तेलंगाना यात्रा समाप्त, कहा- कांग्रेस में शामिल होने के लिए भाजपा नेताओं की लगी है कतार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 20 Oct 2023 07:51 PM
राहुल की तेलंगाना यात्रा समाप्त, कहा- कांग्रेस में शामिल होने के लिए भाजपा नेताओं की लगी है कतार
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक रैली में तेलंगाना के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं की तुलना ‘बॉलीवुड नायकों’ से करते हुए कहा कि वे (भाजपा नेता) जो पहले इतराते थे, अब कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के लिए लाइन लगाए खड़े हैं.

गांधी ने शुक्रवार को समाप्त हुए अपने तीन-दिवसीय तूफानी दौरे पर किसानों को बेहतर समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने, ‘भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस), भाजपा और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन’ (एआईएमआईएम) की कथित सांठगांठ तथा राज्य के स्वामित्व वाली सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (एससीसीएल) जैसे विभिन्न मुद्दे उठाये.

निजामाबाद और जगतियाल जिलों में अलग-अलग बैठकों में गांधी ने तेलंगाना भावना को जागृत करते हुए कहा कि उनकी मां एवं पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ही थीं, जिन्होंने नये राज्य का निर्माण कराया था. उन्होंने कहा कि यदि उनकी मां ने इसका समर्थन नहीं किया होता, तो यह नया दक्षिणी राज्य नहीं बन पाता.

उन्होंने कहा, ”यहां (तेलंगाना में) लड़ाई कांग्रेस और बीआरएस के बीच है. पहले भाजपा नेता यहां बॉलीवुड हीरो की तरह घूमते थे. उन्हें पता भी नहीं चला कि उनकी गाड़ी के चारों पहिये कब निकल गए. आज भाजपा नेता कांग्रेस में शामिल होने के लिए कतार में खड़े हैं. (लेकिन) हम उन्हें नहीं चाहते.” उन्होंने तेलंगाना की भावनाओं को जागृत करने की कोशिश करते हुए कहा, ”सोनिया जी ने तेलंगाना राज्य बनाने में आपकी मदद की और मैं यह भी कह सकता हूं कि अगर सोनिया गांधी ने मदद नहीं की होती, तो अलग तेलंगाना नहीं बनता. सोनिया गांधी जी दोराला (सामंतों) का तेलंगाना नहीं, बल्कि प्रजाला (जनता का) तेलंगाना चाहती थीं.”

राज्य में पार्टी की चल रही ‘विजयभेरी’ यात्रा के दौरान रैलियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस 30 नवंबर के विधानसभा चुनाव में सत्ता में आती है, तो यह भी सुनिश्चित करेगी कि किसानों को उनके द्वारा उगाई जाने वाली प्रत्येक फसल के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से 500 रुपये अधिक मिलें. गांधी ने कहा कि इसके अलावा, कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि हल्दी उत्पादक किसानों को 12,000 रुपये से 15,000 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य मिले. उन्होंने कहा कि कांग्रेस क्षेत्र में चीनी मिलों को भी पुनर्जीवित करेगी.

गांधी ने एक बार फिर कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो वह तेलंगाना सहित पूरे देश में जातिगत जनगणना कराएगी.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तत्कालीन कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन शासन द्वारा कराई गई जातिगत जनगणना के आंकड़ों को सार्वजनिक न करने का आरोप लगाया. गांधी ने कहा, ”कांग्रेस दिल्ली (केंद्र) में सत्ता में आने के बाद पिछले आंकड़े जारी करेगी और नयी जाति-आधारित जनगणना भी कराएगी.” उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर पार्टी तेलंगाना में भी जातिगत जनगणना कराएगी.

बीआरएस, भाजपा और एआईएमआईएम पर निशाना साधते हुए वायनाड सांसद ने कहा कि तीनों दल आपसी मिलीभगत से काम करते हैं और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाला राजनीतिक दल संसद में भगवा पार्टी का समर्थन करता है. तेलंगाना के मुख्यमंत्री के बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि राव के खिलाफ न तो कोई सीबीआई जांच हुई, न ईडी या आईटी जांच हुई, जबकि देश में विपक्षी नेताओं के खिलाफ कई मामले दर्ज किये गये हैं.

उन्होंने कहा कि तेलंगाना में आगामी चुनाव में सत्तारूढ़ बीआरएस और कांग्रेस के बीच लड़ाई है और उनकी पार्टी बीआरएस को हरा देगी. उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि उनकी पार्टी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान में आगामी चुनावों में भगवा पार्टी को हरा देगी.
उन्होंने तेलंगाना के लोगों से चुनाव में कांग्रेस को वोट देने का आग्रह भी किया. तेलंगाना में सत्ता में आने की उम्मीद कर रही कांग्रेस पार्टी ने राज्य में 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए राहुल गांधी  और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ अपना चुनाव अभियान शुरू किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu