रेल मंत्री का कांग्रेस और माकपा का पर कटाक्ष: दिल्ली में दोस्ती, केरल में कुश्ती

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 16 Mar 2022 12:38 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा में कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इनके बीच ‘दिल्ली में दोस्ती और केरल में कुश्ती’ का मामला है। उन्होंने सदन में प्रश्नकाल के दौरान केरल में रेल परियोजनाओं से संबंधित पूरक प्रश्नों का उत्तर देते यह कटाक्ष किया।

कांग्रेस सांसद ने केरल में रेल परियोजना से जुड़ा पूरक प्रश्न पूछने के दौरान केरल की माकपा नीत सरकार को निशाने पर लिया। इसके बाद माकपा सांसद एम आरिफ ने पलटवार करते हुए कहा कि जनता ने पिछले विधानसभा चुनाव में केरल की विकास परियोजनाओं पर अपनी मुहर लगाई है।

इस दौरान केरल से संबंधित कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने टोका-टोकी भी की। कांग्रेस और माकपा के सदस्यों के बीच नोकझोंक के बाद वैष्णव ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘यह दिल्ली में दोस्ती और केरल में कुश्ती का मामला है।’’

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने पूरक प्रश्न पूछने के दौरान महाराष्ट्र में रेलवे स्टेशनों की स्थिति में सुधार को लेकर वैष्णव और उनके पूर्ववर्ती पीयूष गोयल का आभार प्रकट किया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav