छत्तीसगढ़ रोजगार एप्प : युवाओं को घर पर ही मिल रही है पंजीयन की सुविधा, ले रहे हैं रोजगारपरक सुविधाओं का लाभ

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Wed, 10 Jul 2024 07:27 PM
छत्तीसगढ़ रोजगार एप्प : युवाओं को घर पर ही मिल रही है पंजीयन की सुविधा, ले रहे हैं रोजगारपरक सुविधाओं का लाभ
ऑडियो सुनें

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की पहल पर प्रदेश के युवाओं को घर बैठे रोजगार पंजीयन की सुविधा मिल रही है। साथ ही रोजगारपरक सुविधाओं का लाभ भी मिल रहा है। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार हेतु सहायता प्रदान करने के लिए छत्तीसगढ़ रोजगार एप्प का शुभारंभ किया है। एप्प शुभारंभ के महज तीन माह के भीतर ही इस रोजगार एप्प को 10 हजार लोगों ने डाउनलोड किया है। वहीं 1611 लोगों ने घर बैठे पंजीयन भी कराया है। इससे युवाओं को रोजगार कार्यालयों में जाकर लंबी-लंबी लाईन नहीं लगानी पड़ रही है। वहीं समय और पैसे का बचत भी हो रही है। इस एप्प को गूगल प्ले स्टोर और विभागीय वेबसाइट

https://erojgar.cg.gov.in
पर उपलब्ध कराया गया है। कोई भी व्यक्ति रोजगारपरक जानकारी के लिए एप्प डाउनलोड कर अवलोकन कर सकते हैं।

गौरतलब है कि बेरोजगार युवाओं को मोबाइल एप्प के माध्यम से रोजगार हेतु पंजीयन की व्यवस्था, पहले से हो चुके पंजीयन का नवीनीकरण और नवीन सुविधाएं प्राप्त करने के लिए छत्तीसगढ रोजगार एप्प विकसित किया गया है। इससे छत्त्ीसगढ़ लाखों युवाओं को जिला रोजगार एवं स्व-रोजगार मार्गदर्शन केन्द्र जाने की आवश्यकता नहीं है। बार-बार ऑफिस जाकर लाईन लगने के झंझट से भी छुटकारा मिला है और घर बैठे इस एप्प के माध्यम से आवेदन किए गए युवाओं को पंजीयन के भौतिक सत्यापन हेतु जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र में जाने की आवश्यकता नहीं है। सत्यापन आधार आधारित OTP के माध्यम से किया जाता है। रोजगार पंजीयन पत्रक कभी भी इस एप्प के माध्यम से डाउनलोड किया जा सकता है।

इस एप्प पर शासकीय-अर्धशासकीय विभागों की रिक्तियां, विभाग द्वारा आयोजित किए जाने वाले रोजगार मेला-प्लेसमेंट कैंप की अद्यतन जानकारी भी उपलब्ध कराई जाती है। इस प्रकार, रोजगार सहायता की प्रक्रिया अब और अधिक सरल एवं सुलभ हो गई है, जिससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार प्राप्त करने में अत्यधिक सहायता मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि “छत्तीसगढ़ रोजगार एप्प” प्रदेश के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इस एप्प के माध्यम से युवा न केवल रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, बल्कि उन्हें रोजगार के लिए आवश्यक दस्तावेज और प्रक्रियाओं को पूरा करने में भी मदद मिलेगी। यह एप्प प्रदेश के युवाओं की बेहतरी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है और यह उनके रोजगार संभावनाओं को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रदेश के रोजगार सहायता इच्छुक युवाओं के लिए यह एप्प एक नई आशा की किरण साबित होगा, जिससे वे अपनी रोजगार की समस्याओं का समाधान कर सकेंगे। इस ऐप के माध्यम से युवाओं को विभिन्न रोजगार अवसरों के बारे में जागरूक किया जाएगा और उन्हें उनकी योग्यताओं के अनुसार रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news