राजस्थान: कांग्रेस की तीसरी सूची में 13 मौजूदा विधायकों के नाम

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Oct 2023 10:43 PM
राजस्थान: कांग्रेस की तीसरी सूची में 13 मौजूदा विधायकों के नाम
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/जयपुर. कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए 19 उम्मीदवारों की एक और सूची बृहस्पतिवार को जारी की जिसमें कुल 13 मौजूदा विधायकों के नाम शामिल हैं. इस सूची में भाजपा से निष्कासित मौजूदा विधायक शोभारानी कुशवाह का नाम भी है जो बुधवार को कांग्रेस में शामिल हुईं थी. इसके साथ ही पार्टी ने 2018 का विधानसभा चुनाव बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर जीत कर कांग्रेस में शामिल हुए दो विधायकों को भी अपना उम्मीदवार बनाया है. पंचायती राज मंत्री रमेश मीणा का नाम भी उम्­मीदवारों की इस सूची में है.

राजस्थान की 200 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान होना है. कांग्रेस अब तक तीन सूचियों में कुल 95 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है. पार्टी की ओर से जारी ताजा सूची में शामिल मौजूदा विधायकों में तारानगर से नरेंद्र बुडानिया, सीकर से राजेंद्र पारीक, सपोटरा से रमेश मीणा, बांदीकुई से गजराज खटाना, मसूदा से राकेश पारीक, देवली उनियारा से हरीश चंद्र मीणा, बगरू से गंगादेवी, पचपदरा से मदन प्रजापत, बारां अटरू से पानाराम मेघवाल का नाम है.

बसपा से कांग्रेस में शामिल होने वाले वाजिब अली को नगर तथा लाखन मीणा को करौली से टिकट दिया गया है. निर्दलीय विधायक रामकेश मीणा को भी गंगापुर से टिकट दिया गया है. पार्टी ने भाजपा की निष्कासित विधायक शोभारानी कुशवाह को उनकी धौलपुर सीट से ही उम्मीदवार बनाया है. वहीं सहाड़ा से विधायक गायत्री देवी का टिकट काटकर उनके ही परिवार से रविंद्र त्रिवेदी को मौका दिया गया है.

इस सूची में केशोरायपाटन सीट से सीएल प्रेमी व रतनगढ. से पूसाराम गोदारा को टिकट दिया गया है जो 2018 का विधानसभा चुनाव निर्दलीय लड़े थे और हार गए थे. सूरजगढ. सीट से श्रवण कुमार को फिर मौका दिया गया है. वह इस सीट से पिछली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव हार गए थे. वहीं रेवदर सीट पर मोतीराम कोली नया चेहरा हैं. कांग्रेस ने इससे पहले 33 व 43 उम्मीदवारों की दो सूची जारी की थी. अब तक पार्टी कुल 95 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है. राज्य की 200 सदस्यीय विधानसभा के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा और मतगणना तीन दिसंबर को होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu