राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी को बताया राजनीति का फिनिशर, बोले- देश से कांग्रेस को खत्म कर रहे

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 06 Apr 2024 08:53 PM
राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी को बताया राजनीति का फिनिशर, बोले- देश से कांग्रेस को खत्म कर रहे
ऑडियो सुनें

मध्यप्रदेश में बीजेपी लोकसभा चुनाव को लेकर प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी के तहत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को सिंगरौली और सीधी में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जीत का जोश भरा।

सीधी में राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी को राजनीति का फिनिशर कहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज पूरे देश में खत्म हो गई। कई नेता कांग्रेस छोड़ रहे, जिस तरह क्रिकेट में धोनी फिनिशर हैं, उसी तरह राजनीति में राहुल गांधी कांग्रेस के फिनिशर हैं। वहीं, सिंगरौली में रक्षा मंत्री ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे देश मजबूत होगा। जनता अपने वोट का बेहतर इस्तेमाल कर सकेगी। खरीद-फरोख्त रोकने का भी यही उपाय है, देश में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ होना चाहिए।

कांग्रेस लोगों को डराकर उनके बीच नफरत पैदा करती है
रक्षा मंत्री ने कहा, मैं देशवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हमारे देश की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। कांग्रेस सरकार के दौरान किसी न किसी राज्य में आतंकवादी घटनाएं होती रहती थीं। कांग्रेस और उसके सहयोगियों दलों के नेता लोगों को डराकर उनके बीच नफरत पैदा करते हैं। भाजपा कभी भी जाति, धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं करती, बल्कि हम न्याय और मानवता की राजनीति करने वाले लोग हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वो करती है। आज अयोध्या की धरती पर भव्य राम मंदिर बन गया है। रामलला अपनी कुटिया से निकलकर महल पहुंच चुके हैं। अब राम राज्य आने की शुरुआत हो चुकी है। राजनाथ सिंह ने ये भी कहा कि जब से मोदी जी भारत के प्रधानमंत्री बने हैं। अंतर्राष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा और कद बढ़ा है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news