22 जनवरी को ननिहाल छत्तीसगढ़ में भी धूमधाम से मनेगा रामोत्सव – संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Jan 2024 03:36 PM
22 जनवरी को ननिहाल छत्तीसगढ़ में भी धूमधाम से मनेगा रामोत्सव – संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ के शिक्षा, धर्मस्व एवम संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने अयोध्या में आयोजित ’रामलला प्राण प्रतिष्ठा-रामोत्सव’ अवसर पर 22 जनवरी 2024 को छत्तीसगढ़ में भी भव्य एवं वृहद रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन करने के निर्देश विभाग को दिए है. इस संबंध में कार्ययोजना बनाकर राज्य के सभी कलेक्टर को निर्देश जारी कर दिए गए हैं.

राज्य शासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि दिनाँक 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में आयोजित ’श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा-रामोत्सव’ के मद्देनजर राज्य भर में भव्य रूप से भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाना सुनिश्चित किया जाए. उक्त आयोजन तीन स्तरों में संभागीय/जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर होगा.

उक्त आयोजन में मानस मंडलियों को जोड़ा जाना है. राज्य के प्रत्येक जिलों में संचालनालय संस्कृति एवं राजभाषा के साथ पंजीकृत क्रियाशील लगभग 4700 मानस मंडलियां हैं . राज्य शासन के घोषणा अनुरूप इन सभी मानस मंडलियों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रत्येक मंडली को 5000/- राशि प्रदाय करने का निर्णय लिया गया है. उक्त निर्णय अनुरूप जिलेवार मानस मंडलियों की सूची एवं तदानुसार धनराशि का आबंटन संचालनालय, संस्कृति एवं राजभाषा द्वारा सीधे प्रत्येक कलेक्टरों को उपलब्ध कराया जा रहा है. जिसका शीघ्रता के साथ वितरण किए जाने की बात कही गई है ताकि भव्य आयोजनों में इन मानस मंडलियों को पूरा उत्सुकता के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा सके.

इसके साथ ही प्रत्येक जिला स्तरीय संस्थानों/विकासखण्ड स्तरीय/धार्मिक ट्रस्टों/मंदिर समितियों के साथ समन्वय करके उनके सहयोग के साथ जन जन के धार्मिक महत्व के इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं. नगरीय निकायों/ग्राम पंचायतों को इस आयोजन में भागीदारी सुनिश्चित करते हुए उक्त दिवस में भवनों में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं.

कार्यक्रम की रूपरेखा
प्रत्येक विकासखण्ड स्तर से कम से कम ऐसे एक विशिष्ट मंदिर में दिनाँक 22 जनवरी, 2024 को दीप प्रज्जवलन, दीपदान एवं लाईटिंग व्यवस्था की जाए . उक्त मंदिर प्रांगण में प्रत्येक विकासखण्ड स्तर पर क्षेत्र के 05 मानस मंडलियों के मानस गायन का आयोजन उक्त दिवस में आयोजित किया जायेगा. उसी तरह प्रत्येक संभाग एवं जिला मुख्यालयों में भी कम से कम एक प्रतिष्ठित मंदिर तय कर उपरोक्त वर्णन अनुसार भव्य आयोजन किया जायेगा.

बजट आवंटन
विकासखण्ड स्तर पर आवश्यक कार्यक्रम व्यवस्था हेतु राशि 25000/-, प्रत्येक विकासखण्ड में पंजीकृत 05 मानस गायन दलों के लिए प्रोत्साहन राशि 5000/- के मान से संभाग स्तरीय कार्यक्रम आयोजन हेतु राशि 1.00 लाख रू. के मान से तथा संभाग मुख्यालय में पंजीकृत प्रत्येक संभाग से 5-5 मानस गायन दलों के लिए प्रोत्साहन राशि 5000/- रु. के मान से प्रदान किए जायेंगे. धर्मस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रभु राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह संपूर्ण भारतवर्ष के लिए आस्था का विषय है इसलिए सामाजिक संस्था/मंदिर ट्रस्ट/मंदिर समितियों एवं आम जनमानस के सहयोग से यह भव्य और दिव्य आयोजन सफल होगा.

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu