भारत के निवासियों को सनातन धर्म का आदर करना चाहिए : अनूप जलोटा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Sep 2023 10:36 PM
भारत के निवासियों को सनातन धर्म का आदर करना चाहिए : अनूप जलोटा
ऑडियो सुनें

इंदौर. सनातन धर्म को लेकर तमिलनाडु के युवा कल्याण मंत्री उदयनिधि स्टालिन के विवादास्पद बयान को अनुचित करार देते हुए मशहूर भजन गायक अनूप जलोटा ने सोमवार को कहा कि भारत के निवासियों को सनातन धर्म का आदर करना चाहिए. उदयनिधि स्टालिन के इस विवादास्पद बयान के बारे में प्रतिक्रिया मांगे जाने पर जलोटा ने इंदौर में ”पीटीआई-भाषा” से कहा, ”ऐसा कहा जाना अच्छा नहीं है क्योंकि हम भारत में रहने वाले लोग हैं. भारत में रहने वाले लोगों को सनातन धर्म का आदर करना चाहिए. हम हरेक धर्म का आदर करते हैं.”

उन्होंने कहा, ”हमारे सनातन धर्म में अपनी मां की पूजा और दूसरे व्यक्ति की मां का आदर करना सिखाया गया है. इसी तरह, हमें अपनी धर्म की पूजा और दूसरों के धर्म का आदर करना चाहिए.” जलोटा ने उदयनिधि स्टालिन का नाम लिए बगैर कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति दूसरों के धर्म के बारे में गलत बात बोलता है, तो यह उसकी नासमझी है और ऐसी बातें कतई नहीं बोली जानी चाहिए. उन्होंने एक सवाल पर कहा कि भारत और पाकिस्तान के गायकों को दोनों पड़ोसी देशों के प्रशंसकों की ओर से बराबर मान-सम्मान मिलता है.

सत्तर वर्षीय गायक ने कहा कि मौजूदा दौर के भारतीय गायकों को भी पाकिस्तानी प्रशंसकों से काफी इज्जत मिल रही है. उन्होंने कहा, ”हमें आज भी पाकिस्तान से न जाने कितने प्रशंसकों के फोन, चिट्ठियां और ई-मेल आते हैं.” जलोटा ने कहा, ”पाकिस्तानी गायक अभी (पेशेवर काम के लिए) भारत नहीं आ रहे हैं, लेकिन वे जरूर आएंगे क्योंकि हम तो उनके कलाकारों का बेहद आदर करते हैं. हम मेहदी हसन, गुलाम अली और नुसरत फतेह अली खान सरीखे गायकों को अक्सर सुनते हैं. ऐसे ही नूरजहां को भला कौन भूल सकता है.”

उन्होंने कहा, ”..लेकिन पाकिस्तान में भारतीय गायकों के कार्यक्रमों का आयोजन वैसे ही कठिन हो गया है, जैसे वहां (पाकिस्तान) के गायकों के लिए यहां (भारत में) कार्यक्रम आयोजित करने के विषय में कुछ मनाही है.” जलोटा ने भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल आतंकवादियों को पाकिस्तान की ओर से शह दिए जाने की ओर इशारा करते हुए कहा, ”ये चीजें (भारत और पाकिस्तान के गायकों को एक-दूसरे के देश में प्रस्तुति देने से रोकने वाली बंदिशें) धीरे-धीरे हल होंगी. जैसे-जैसे उनके आतंकवादी खत्म हो जाएंगे, तो यह भावना भी खत्म हो जाएगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu