Richest Candidate: ₹5785 करोड़ की संपत्ति; तेदेपा के चंद्र शेखर अब तक के नामांकन में सबसे अमीर उम्मीदवार बने

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Tue, 23 Apr 2024 07:08 PM
Richest Candidate: ₹5785 करोड़ की संपत्ति; तेदेपा के चंद्र शेखर अब तक के नामांकन में सबसे अमीर उम्मीदवार बने
ऑडियो सुनें

गुंटूर लोकसभा सीट से तेलुगु देशम पार्टी के पी चंद्र शेखर अब तक के सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। अपने चुनावी हलफनामे में 5,785 करोड़ रुपये की चल-अचल घोषित करके चंद्र शेखर सुर्खियों में आ गए हैं। चंद्र शेखर ने अपने चुनावी हलफनामे में 5,785 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति घोषित की है जो संभावित रूप से उन्हें मौजूदा चुनावी दौड़ में सबसे धनी प्रत्याशियों में से एक बनाती है।

उनके द्वारा दायर हलफनामे के अनुसार, उनकी व्यक्तिगत संपत्ति 2,448.72 करोड़ रुपये जबकि उनकी पत्नी श्रीरत्ना कोनेरू के पास 2,343.78 करोड़ रुपये और बच्चों के पास लगभग 1,000 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
पहले चरण के चुनाव में कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ रहे सबसे अमीर प्रत्याशी
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ 19 अप्रैल को हुए लोकसभा चुनाव के पहले चरण में लगभग 717 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सबसे अमीर उम्मीदवारों की सूची में शीर्ष पर हैं।

चंद्र शेखर के परिवार पर ऋण सुविधा के रूप में अमेरिका के जेपी मॉर्गन चेस बैंक की 1,138 करोड़ रुपये की देनदारी है। आंध्र प्रदेश के बुर्रिपालेम गांव से लेकर जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय – सिनाई अस्पताल में चिकित्सक शिक्षक के रूप में काम करने से लेकर यूवर्ल्ड (ऑनलाइन शिक्षण और अध्ययन संसाधन मंच) की स्थापना तक, चंद्र शेखर का सफर काफी रोमांचक रहा है।
विज्ञापन
चंद्र शेखर ने 1999 में एनटीआर यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज विजयवाड़ा से किया एमबीबीएस
डॉक्टर-उद्यमी-नेता चंद्र शेखर ने 1999 में एनटीआर यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज विजयवाड़ा से एमबीबीएस किया और 2005 में डेनविले, पेंसिल्वेनिया में गेइज़िंगर मेडिकल सेंटर से एमडी (आंतरिक चिकित्सा) की उपाधि ली। उन्होंने राज्य में ईएएमसीईटी मेडिकल प्रवेश परीक्षा (एमबीबीएस) देने वाले 60,000 छात्रों के बीच 27वीं रैंक हासिल की, जिसे देश में सबसे अधिक प्रतिस्पर्धी परीक्षा माना जाता था।

सार्वजनिक सेवा में रुचि रखने वाले चंद्र शेखर, पार्टी के कई कल्याणकारी कार्यक्रमों का समर्थन करने के लिए 2010 से तेदेपा की एनआरआई विंग की ओर से काम कर रहे हैं। हालांकि वह 2014 में नरसरावपेट क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन तेदेपा ने राजनीतिक मुद्दों के कारण आर संबाशिव राव को टिकट आवंटित कर दिया।

अपनी पत्नी के साथ एक संयुक्त रूप से जमा दस्तावेज में उन्होंने अमेरिका में अमेरिकी कर चक्र वर्ष जनवरी 2022 से दिसंबर 2022 के बीच 605.57 करोड़ रुपये की घोषणा की। उन्होंने अमेरिका स्थित कई कंपनियों में निवेश किया है और उनके पास इनके शेयर हैं। उनके पास अमेरिका में रोल्स रॉयस घोस्ट, मर्सिडीज बेंज और टेस्ला जैसी लग्जरी कारें भी हैं। चुनाव में चंद्र शेखर का मुकाबला वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के के वेंकट रोसैया से होगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news