5,600 करोड़ रुपये की ड्रग जब्ती मामला: भाजपा ने आरोपी को युवा कांग्रेस में पद देने का आरोप लगाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 03 Oct 2024 09:40 PM
5,600 करोड़ रुपये की ड्रग जब्ती मामला: भाजपा ने आरोपी को युवा कांग्रेस में पद देने का आरोप लगाया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि यहां ड्रग कारोबार से जुड़े 5,600 करोड़ रुपये की जब्ती के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी को भारतीय युवा कांग्रेस की दिल्ली इकाई के सूचना का अधिकार (आरटीआई) प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया है.

कांग्रेस ने इन आरोपों को निराधार एवं झूठा करार देते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल ने जिस मुख्य आरोपी तुषार गोयल का जिक्र किया है, उसे 17 अक्टूबर, 2022 को ही संगठन से पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित कर दिया गया था. भाजपा प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने देश को बर्बाद करने में शामिल मादक पदार्थ तस्करों से कथित संबंधों को लेकर कांग्रेस की आलोचना की और मुख्य विपक्षी पार्टी से स्पष्टीकरण मांगा.

उन्होंने सवाल किया कि क्या मादक पदार्थों के पैसे का इस्तेमाल कांग्रेस अपने प्रचार में कर रही है और क्या पार्टी का, कथित सरगना तुषार गोयल के साथ संबंध कारोबार तक भी है? उन्होंने कहा, ”यानी ये बात साफ हो रही है कि राहुल गांधी के मोहब्बत की दुकान में अभी तक नफरत का सामान तो दिख रहा था, लेकिन अब नशे का सामान भी मिल रहा है.” उन्होंने सवाल किया कि क्या मादक पदार्थ कारोबारियों और कांग्रेस के बीच ऐसी कोई व्यवस्था है कि पार्टी के सत्ता में आने पर हरियाणा में उन्हें खुली छूट दी जाएगी? त्रिवेदी ने दावा किया कि गोयल की न केवल के सी वेणुगोपाल और दीपेंद्र सिंह हुड्डा जैसे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ तस्वीरें हैं बल्कि उनके पास हुड्डा का मोबाइल नंबर भी है.

उन्होंने कहा कि हुड्डा परिवार को भी स्पष्टीकरण देना चाहिए. उन्होंने मीडिया के समक्ष दिल्ली युवा कांग्रेस के आरटीआई सेल के प्रमुख के रूप में गोयल की नियुक्ति का पत्र पढ़ा और दावा किया कि इसमें कांग्रेस के शीर्ष नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी का भी उल्लेख है. युवा कांग्रेस ने एक बयान जारी कर भाजपा के आरोपों का खंडन करने के साथ ही गोयल के निष्कासन के पत्र की एक प्रति भी साझा की. संगठन ने दावा किया कि ये आरोप हरियाणा विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने का भाजपा का कुत्सित प्रयास है.

कांग्रेस की युवा इकाई ने कहा, ”हम सुधांशु त्रिवेदी द्वारा लगाए गए निराधार आरोपों की निंदा करते हैं. उन्होंने झूठा दावा किया कि दिल्ली में 5,600 करोड़ रुपये के ड्रग भंडाफोड़ का कथित सरगना तुषार गोयल दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस आरटीआई सेल का अध्यक्ष है.” युवा कांग्रेस ने कहा कि तुषार गोयल को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण 17 अक्टूबर, 2022 को संगठन से निष्कासित कर दिया गया था और तब से वह किसी भी तरह हमारे साथ नहीं है.”

उसने कुछ खबरों का हवाला देते हुए दावा किया, ”तुषार गोयल ने खुद पुलिस के सामने कबूल किया है कि वह 2021-22 में दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस आरटीआई सेल का पूर्व अध्यक्ष था, लेकिन बाद में उसने संगठन छोड़ दिया. यह स्पष्ट है कि भाजपा गलत जानकारी का उपयोग करके कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है.” युवा कांग्रेस ने कहा कि भाजपा को आधी-अधूरी राजनीतिक कहानियां गढ़ने के बजाय दिल्ली पुलिस पर भरोसा करना चाहिए. उसने कहा, ”हम दिल्ली पुलिस से आग्रह करते हैं कि गिरफ्तार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, न कि इस मामले को एक दुर्भावनापूर्ण राजनीतिक अभियान बनने दिया जाए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu