रूस ने यूक्रेन में मिसाइलों और ड्रोन से रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 22 Mar 2023 09:23 PM
ऑडियो सुनें

कीव. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बुधवार को एक वीडियो पोस्ट कर दावा किया कि रूस ने दक्षिणपूर्वी शहर जापोरिज्जिया में मिसाइल से एक रिहायशी इमारत को निशाना बनाया. इससे पहले, रूस ने बुधवार तड़के ड्रोन से हमला किया जिसमें कीव के पास एक छात्रावास में कम से कम चार लोग मारे गये.

जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के यूक्रेन की राजधानी से रवाना होने के कुछ ही घंटे बाद यह हमला किया गया. किशिदा यूक्रेन के प्रति अपना समर्थन जताने आये थे. उधर चीन के राष्ट्रपति शी चिनंिफग युद्ध को समाप्त करने के अपने प्रस्ताव पर चर्चा करने के बाद रूस से वापस लौट गये. इस प्रस्ताव को पश्चिमी देशों ने बेकार बताकर खारिज कर दिया है.

जेलेंस्की द्वारा टेलीग्राम पर पोस्ट किया गया वीडियो सीसीटीवी फुटेज प्रतीत हो रहा है, जिसमें एक मिसाइल नौ-मंजिला रिहायशी परिसर पर गिरती हुई दिखाई दे रही है. यूक्रेन की मीडिया ने इस हमले की कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिसमें रिहायशी परिसर की क्षतिग्रस्त इमारतें नजर आ रही हैं. इस हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत होने की खबर है.

हालांकि, रूस द्वारा नियुक्त एक अधिकारी ने दावा किया कि रिहायशी इमारत पर गिरी मिसाइल यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली की थी, जिसे एक रूसी मिसाइल को नष्ट करने के लिए दागा गया था. हालांकि उन्होंने अपने दावे की पुष्टि के लिए कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया.

रूस ने आवासीय क्षेत्रों को लक्षित कर हमला करने के आरोपों से इनकार किया है, यद्यपि तोपखाने और रॉकेट हमलों ने रिहायशी इमारतों और बुनियादी ढांचे को प्रभावित किया हो. रूसी अधिकारियों ने बीते कुछ समय के दौरान रिहायशी इमारतों पर हमलों के लिए यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली को जिम्मेदार ठहराया है. रूसी अधिकारियों के मुताबिक रिहायशी इलाकों में वायु रक्षा प्रणाली तैनात करन से आम नागरिकों का जीवन खतरे में पड़ जाता है.

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन की राजधानी के दक्षिण में स्थित रझिश्चिव में रात में हुए ड्रोन हमले में एक स्कूल और दो छात्रावास आंशिक रूप से तबाह हो गये. यह अभी स्पष्ट नहीं है कि इस हमले में कितने लोग मारे गये. क्षेत्रीय पुलिस प्रमुख एंड्रिल नेबितोव के अनुसार एक छात्रावास की पांचवीं मंजिल पर मलबे से 40 वर्षीय एक व्यक्ति का शव निकाला गया. उन्होंने कहा कि 20 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

यूक्रेन जनरल स्टाफ ने कहा कि यूक्रेन की वायु सेना ने रूस द्वारा भेजे गए 21 में से 16 ड्रोन को मार गिराया. इनमें से आठ को राजधानी के पास मार गिराया गया. अन्य ड्रोन खमेलनित्स्की प्रांत में गिरा दिये गये. जेलेंस्की ने ट्वीट किया, ‘‘20 से अधिक ईरानी घातक ड्रोन, मिसाइलों ने केवल एक रात में हमले किये. जब भी मॉस्को में कोई शांति शब्द सुनना चाहता है, इस तरह के आपराधिक हमलों के लिए एक और आदेश दे दिया जाता है.’’ यूक्रेन के वित्त मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि उसने देश की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के साथ 15.6 अरब अमेरिकी डालर के ऋण पैकेज पर सहमति व्यक्त की है.

जापान के प्रधानमंत्री और जी-7 समूह के अध्यक्ष फुमियो किशिदा ने मंगलवार को कीव का दौरा किया और जेलेंस्की की सरकार को ऐसे समय में समर्थन जताया जब उनके एशियाई प्रतिद्वंद्वी शी ने पुतिन के प्रति समर्थन जताया. किशिदा ने कीव की यात्रा के एक दिन बाद पोलैंड की यात्रा की.

किशिदा की यूक्रेन यात्रा देश के लिए भविष्य में जापान के समर्थन के लिहाज से बहुत सार्थक मानी जा रही है. जापान की सरकार के शीर्ष प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री किशिदा की यूक्रेन यात्रा के माध्यम से, जापान न केवल जी-7 के अन्य सदस्यों बल्कि वैश्विक स्तर पर अन्य देशों को भी अंतरराष्ट्रीय समाज की रक्षा के लिए अपना दृढ़ संकल्प दिखाने में सक्षम रहा है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu