नागपुर. नागपुर पुलिस ने स्थानीय भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) पदाधिकारी सना उर्फ हीना खान की हत्या के मामले में मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक संजय शर्मा को नोटिस भेजा है. एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि शर्मा, इस सप्ताह पुलिस के सामने पेश हो सकते हैं.
अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी रब्बू उर्फ रविशंकर यादव और कमलेश पटेल को हत्या के मामले में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने पूर्व में बताया था कि भाजपा के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की पदाधिकारी सना खान(34) को कथित तौर पर उसके पति और अन्य द्वारा संचालित ‘सेक्स वसूली ‘ गिरोह में शामिल होने को बाध्य किया गया. यह गिरोह सना का इस्तेमाल लोगों को मोहपाश में फंसाने (हनी ट्रैप) के लिये करता था.
पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने गिरोह के जरिये मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश के कई लोगों को निशाना बनाया और पीड़ितों को ब्लैकमेल करके करोड़ों रुपये कमाए. खान की मां ने रविवार को नागपुर पुलिस में शिकायत दर्ज करके आरोप लगाया कि उसकी बेटी को धमकी देकर उक्त गिरोह में शामिल होने के लिए बाध्य किया गया.
पुलिस ने कहा कि सना की मां की शिकायत पर उसके (सना के) पति अमित उर्फ पप्पू साहू (37) और उसके सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस सना की हत्या के मामले में साहू और दो अन्य लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. इस महीने की शुरुआत में मध्य प्रदेश के जबलपुर में 34 वर्षीय सना की हत्या कर दी गई थी.
बेटी के साहू से मिलने के लिए एक अगस्त को जबलपुर जाने के बाद जब उसका पता नहीं चला, तो यहां के अवस्थी नगर की निवासी सना की मां मेहरूनिशा ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने कहा कि साहू को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया और उसने पुलिस को बताया कि सना उसकी पत्नी थी और उसने पैसे और व्यक्तिगत मुद्दों को लेकर उसकी हत्या कर दी और उसके शव को जबलपुर में एक नदी में फेंक दिया.
पुलिस के अनुसार, साहू को खान के चरित्र पर संदेह होने लगा था जिसके बाद दोनों के रिश्ते के बीच खटास आने लगी. साहू के जबलपुर स्थित आवास पर दोनों के बीच बहस होने लगी जिसके बाद साहू ने खान की कथित हत्या कर दी. इस मामले में पुलिस ने साहू के अलावा रमेश सिंह और धर्मेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है दोनों जबलपुर के निवासी हैं.