सतपाल शर्मा और राजिंदर गुप्ता ने राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों के रूप में शपथ ली

नयी दिल्ली. उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों राजिंदर गुप्ता और सतपाल शर्मा को शपथ दिलाई. आम आदमी पार्टी (आप) के नेता गुप्ता पंजाब से निर्वाचित हुए हैं. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शर्मा जम्मू-कश्मीर से राज्यसभा सदस्य चुने गए हैं. गुप्ता ने संसद भवन में आयोजित समारोह में पंजाबी में जबकि शर्मा ने हिंदी में शपथ ली. उद्योगपति गुप्ता पंजाब में सत्तारू­ढ़ ‘आप’ के टिकट पर जीते हैं.

शर्मा भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष हैं. वह पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और इससे पहले जम्मू-कश्मीर सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं. शर्मा 2014 में जम्मू पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा सदस्य चुने गए थे. उन्होंने 51,000 मतों से जीत हासिल की थी, जो उस चुनाव में जीत का सबसे बड़ा अंतर था.

इन सदस्यों के शपथ ग्रहण के अवसर पर भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के अलावा भाजपा के जम्मू-कश्मीर प्रभारी तरुण चुघ भी मौजूद थे. दोनों सांसदों के परिवार भी इस अवसर पर उपस्थित थे. गुप्ता पंजाब से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए क्योंकि वह चुनाव मैदान में अकेले उम्मीदवार थे.

यह सीट आप के संजीव अरोड़ा के राज्य विधानसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद उच्च सदन से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी. अरोड़ अब पंजाब सरकार में मंत्री हैं. ट्राइडेंट ग्रुप के मानद अध्यक्ष गुप्ता ने हाल ही में राज्य आर्थिक नीति एवं योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष तथा काली देवी मंदिर सलाहकार समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है. शर्मा ने जम्मू-कश्मीर की चार राज्यसभा सीटों में से एक पर जीत हासिल की.

जम्मू-कश्मीर से राज्यसभा की चार सीट हैं और सदन में 15 फरवरी, 2021 से केंद्र शासित प्रदेश का कोई प्रतिनिधित्व नहीं था क्योंकि उस दिन गुलाम नबी आज़ाद और नज़ीर अहमद लावे का कार्यकाल समाप्त हुआ था. दो अन्य सदस्यों, फैयाज अहमद मीर और शमशीर सिंह मन्हास ने उसी वर्ष 10 फरवरी को अपना कार्यकाल पूरा किया था.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button