सलमान के घर के बाहर गोलीबारी में इस्तेमाल पिस्तौल को बरामद करने के लिए तापी नदी में खोजबीन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Apr 2024 09:57 PM
सलमान के घर के बाहर गोलीबारी में इस्तेमाल पिस्तौल को बरामद करने के लिए तापी नदी में खोजबीन
ऑडियो सुनें

सूरत. मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की टीम ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर दो लोगों द्वारा की गई कथित गोलीबारी में इस्तेमाल पिस्तौल को बरामद करने के लिए सोमवार को गुजरात के सूरत शहर में तापी नदी में खोजबीन अभियान शुरू किया. पुलिस ने यह जानकारी दी.

सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दो लोगों – विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि जब वे सूरत पहुंचने के बाद ट्रेन से भुज की ओर भाग रहे थे, तब उन्होंने हथियार को एक रेलवे पुल से तापी नदी में फेंक दिया था. सूत्रों के मुताबिक, गोलीबारी की घटना के बाद दोनों सड़क मार्ग से मुंबई से सूरत पहुंचे थे.

दोनों ने कथित तौर पर 14 अप्रैल को मुंबई के बांद्रा इलाके में गैलेक्सी अपार्टमेंट में 58 वर्षीय सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी की और फिर मोटरसाइकिल पर बैठकर मौके से भाग गए. तकनीकी निगरानी के आधार पर उन्हें 16 अप्रैल को मुंबई और कच्छ पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा गुजरात के भुज शहर के पास स्थित एक मंदिर परिसर से पकड़ा गया था. इसके बाद दोनों को आगे की जांच के लिए मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया.

सूरत के पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”मुंबई पुलिस की एक टीम सलमान खान के घर पर गोलीबारी के लिए दो लोगों द्वारा इस्तेमाल की गई पिस्तौल को बरामद करने के लिए सूरत आई है. हमारी कई टीम हथियार बरामद करने में मुंबई पुलिस की सहायता कर रही हैं.” एक अन्य अधिकारी ने बताया कि ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ के नाम से मशहूर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दया नायक भी अपराध शाखा की टीम के साथ थे, जो स्थानीय गोताखोरों और मछुआरों की मदद से यहां तापी नदी के पानी में हथियार की खोजबीन कर रही थी. इसके पहले पुलिस ने कहा था कि सलमान के घर के बाहर गोलीबारी करने का मकसद ‘आतंक’ फैलाना था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu