सर्बिया: दो दिन में दूसरी गोलीबारी की घटना में आठ लोगों की मौत, संदिग्ध व्यक्ति गिरफ्तार

बेलग्रेड. सर्बिया के बेलग्रेड से सटे एक कस्बे में बृहस्पतिवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए. र्सिबया के अधिकारियों ने बताया कि पिछले दो दिनों में गोलीबारी की इस दूसरी घटना के बाद पुलिस ने रातभर जारी दबिश के बाद शुक्रवार को एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.

इस घटना में एक बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलीबारी करके तीन गांवों के आठ लोगों की जान ले ली. हमलावर ने राजधानी से करीब 50 किलोमीटर दक्षिण में म्लाडेनोवैक के पास तीन गांवों में लोगों पर गोलियां चलाईं. र्सिबया के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वुसिक ने बृहस्पतिवार को हुई गोलीबारी को पूरे देश पर हमला बताया और कहा कि गिरफ्तार किये गये व्यक्ति ने ‘नाजी समर्थक नारों’ वाली टी-शर्ट पहन रखी थी.

सरकारी टेलीविजन ‘आरटीएस’ पर शुक्रवार को प्रसारित खबर के अनुसार, हमलावर ने राजधानी के 50 किलोमीटर दक्षिण में स्थित म्लाडेनोवैक शहर में एक स्वचालित हथियार से अंधाधुंध गोलीबारी की. तत्काल इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है और पुलिस ने कोई बयान जारी नहीं किया है.

इससे पहले बेलग्रेड में बुधवार को 13 वर्षीय लड़के ने अपने पिता की बंदूक का इस्तेमाल कर व्लादिस्लाव रिबनिकर प्राथमिक स्कूल में अंधाधुंध गोलीबारी की थी जिसमें उसके आठ सहपाठी और स्कूल का एक गार्ड मारा गया था. इसके पहले यहां भीड़ पर गोलीबारी की घटना वर्ष 2013 में घटी थी जब मध्य र्सिबयाई गांव में 13 लोगों की हत्या कर दी गई थी.

अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बंदूक नियंत्रण को बढ़ावा देने पर जोर दिया और पुलिस ने नागरिकों से अपने-अपने हथियारों को सुरक्षित जगह पर रखने तथा बच्चों से दूर रखने का अनुरोध किया. पुलिस ने बुधवार को कहा था कि किशोर ने हमले के लिए अपने पिता की बंदूक का इस्तेमाल किया था. वह इसके लिए करीब एक महीने से साजिश रच रहा था. पुलिस के मुताबिक उसने घटना को अंजाम देने के लिए अपनी कक्षा की तस्वीरें ली थीं और उन छात्रों की सूची बनाई थी जिन्हें वह मारना चाहता था.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button