गाजा में बमबारी में सात इजराइली सैनिकों की मौत, इजराइली हमले में 79 लोग मारे गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 25 Jun 2025 11:09 PM
गाजा में बमबारी में सात इजराइली सैनिकों की मौत, इजराइली हमले में 79 लोग मारे गए
ऑडियो सुनें

यरुशलम. दक्षिणी गाजा में फलस्तीन के एक हमलावर द्वारा इजराइली सैनिकों के बख़्तरबंद वाहन में लगाए गए बम में विस्फोट होने से इजराइल के सात सैनिकों की मौत हो गयी. इजराइली सेना ने यह जानकारी दी है. वहीं, फलस्तीन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इजराइल द्वारा बुधवार को पूरे क्षेत्र में किए गए हमलों में 79 लोगों की मौत हो गई है.

गाजा में इजराइली सेना पर मंगलवार को हुए हमले ने ईरान और इजराइल के बीच लगभग दो सप्ताह तक चले युद्ध के बाद राष्ट्र का ध्यान एक बार फिर चरमपंथी समूह हमास की ओर आर्किषत किया है. सात अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के बाद शुरू हुए युद्ध में अब तक इजराइल के 860 से अधिक सैनिक मारे गए हैं.

सेना के मुख्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने कहा कि दक्षिणी गाजा शहर खान यूनिस में सैनिकों पर हमला किया गया. उन्होंने कहा, ”घटनास्थल पर हेलीकॉप्टर और बचाव दलों को भेजा गया. उन्होंने सैनिकों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली.” सेना ने बताया कि खान यूनिस इलाके में एक अन्य घटना में उनका एक सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया. इसने कोई और जानकारी साझा नहीं की, लेकिन हमास ने अपने टेलीग्राम चैनल पर दावा किया कि उसने क्षेत्र में एक आवासीय इमारत के अंदर छिपे इजराइली सैनिकों पर घात लगाकर हमला किया था.

हमास की सैन्य शाखा अल-कासिम ब्रिगेड्स ने अपने टेलीग्राम चैनल पर कहा कि उसने दक्षिणी गाजा पट्टी में एक आवासीय इमारत के अंदर छिपे इजराइली सैनिकों पर हमला किया. हमास ने बताया कि दक्षिणी खान यूनिस में यासीन 105 मिसाइल और एक अन्य मिसाइल की चपेट में आने से कुछ सैनिकों की मौत हो गयी और अन्य घायल हो गए. अल-कासिम के लड़ाकों ने इसके बाद मशीन गन से इमारत को निशाना बनाया.

अभी यह स्पष्ट नहीं है कि क्या ये दोनों घटनाएं एक ही हैं. गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि इजराइल के 21 महीने से जारी सैन्य अभियान में गाजा में 56,156 लोगों की मौत हो गयी है. फलस्तीन के एक स्थानीय अधिकारी ने बुधवार को कहा कि इजराइली सेना ने पूर्वी यरुशलम में छापेमारी के दौरान 66 वर्षीय एक फलस्तीनी महिला को गोली मार दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu