NIA की अति वांछित आतंकवादियों की सूची में शामिल शाहनवाज और उसके दो सहयोगी गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 02 Oct 2023 07:44 PM
NIA की अति वांछित आतंकवादियों की सूची में शामिल शाहनवाज और उसके दो सहयोगी गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने सोमवार को एनआईए की अति वांछित आतंकवादियों की सूची में शामिल एवं एक आईएसआईएस मॉड्यूल से जुड़े होने के आरोपी मोहम्मद शाहनवाज तथा उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया. अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के पास से आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री मिली है.

उन्होंने बताया कि शाहनवाज को दिल्ली के जैतपुर से गिरफ्तार किया गया, जबकि मोहम्मद रिजवान अशरफ और मोहम्मद अरशद वारसी को क्रमश: उत्तर प्रदेश के लखनऊ और मुरादाबाद से गिरफ्तार किया गया. अधिकारियों ने कहा कि तीनों आरोपियों को एक सप्ताह के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि तीनों आरोपी इंजीनियरिंग की पढ.ाई कर चुके हैं.

पुलिस ने प्रारंभिक पूछताछ का हवाला देते हुए कहा कि आरोपियों ने पश्चिमी और दक्षिण भारत के विभिन्न इलाकों की रेकी की थी तथा वे पश्चिमी घाट क्षेत्र में अपना अड्डा बनाना चाहते थे. अधिकारियों ने कहा कि शाहनवाज पुणे पुलिस की हिरासत से भाग गया था और दिल्ली में रह रहा था तथा उस पर तीन लाख रुपये का इनाम घोषित था.

पुलिस ने बताया कि शाहनवाज के पास से विस्फोटक उपकरण बनाने में इस्तेमाल होने वाले एलिमेंट्री प्लास्टिक ट्यूब, लोहे के पाइप, विभिन्न प्रकार के रसायन, टाइमिंग उपकरण और एक पिस्तौल तथा कारतूस मिले हैं. इसने कहा कि बम बनाने से संबंधित जानकारी आरोपियों के सीमा पार आकाओं द्वारा भेजे जाने का संदेह है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu