मेट गाला में सब्यसाची के डिजाइन किये परिधान में नजर आए शाहरुख खान

मेट गाला में अपनी पगड़ी, संस्कृति और मातृभाषा को लेकर आया हूं: दिलजीत दोसांझ

नयी दिल्ली. मशहूर अभिनेता शाहरुख खान ने सोमवार रात न्यूयॉर्क के मेट्रोपोलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में आयोजित मेट गाला में शिरकत की और सब्यसाची द्वारा डिज़ाइन किए गए काले रंग के परिधान, क्रिस्टल चेन व ‘स्टाइलिश स्टिक’ के साथ जलवा बिखेरा.
विश्व स्तर पर भारत के सबसे लोकप्रिय चेहरों में से एक ‘किंग खान’ ने बाहें फैलाकर अपनी विशिष्ट मुद्रा प्रस्तुत कर वहां एकत्रित भीड़ का दिल जीत लिया, जिनमें से कुछ उनसे परिचत थे और कुछ अपरिचित.

जब विदेशी मीडिया के एक सदस्य ने 59 वर्षीय सुपरस्टार से अपना परिचय देने के लिए कहा तो उन्होंने जवाब दिया, “मैं शाहरुख हूं.” उनका यह जवाब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और कई प्रशंसकों ने शाहरुख की विनम्रता की प्रशंसा की, जबकि कुछ ने अज्ञानता के लिए अंतर्राष्ट्रीय मीडिया की आलोचना की.

शाहरुख ने अपने गले में एक हार में ‘के’ अक्षर के आकार का क्रिस्टल जड़ित पेंडेंट पहना हुआ था, जो शायद उनके उपनाम ‘किंग खान’ का प्रतीक था. सोमवार रात न्यूयॉर्क के मेट्रोपोलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में आयोजित सितारों से भरे इस कार्यक्रम के नीले कालीन पर चलते हुए अभिनेता ने उत्साहित प्रशंसकों का सौम्यता के साथ अभिवादन स्वीकार किया. इस कार्यक्रम में पहली बार शरीक हुए शाहरुख ने टस्मानियाई ऊन से बना लंबा कोट पहना था, जिसे जापानी हॉर्न बटन, सिल्क शर्ट, ऊनी ट्राउजर और साटन कमरबंद के साथ तैयार किया गया. सब्यसाची ने बताया कि यह कोट हाथ से तैयार किया गया है. इस वर्ष के मेट गाला का विषय “सुपरफाइन: टेलरिंग ब्लैक स्टाइल” है . शाहरुख ने ‘टाइम’ को बताया कि यह उनके लिए देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर था.

उन्होंने कहा, “भारत आज वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है, और इस थीम में कला के ज.रिए क्रांति व समाधान की बात कही गई, जो मुझे पसंद आई.” सब्यसाची ने कहा, “जब आपके पास शाहरुख खान जैसे व्यक्ति हों, तो वही सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व है. वह जादूगर, सुपरस्टार और आइकन हैं.” शाहरुख और उनकी प्रबंधक पूजा डडलानी शनिवार को न्यूयॉर्क पहुंचे थे और अभिनेता के सब्यसाची के डिजाइन वाले कपड़े पहनने की पुष्टि सोमवार सुबह पूजा ने की थी. मेट गाला एक फैशन कार्यक्रम है जो हर साल न्यूयॉर्क शहर के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट के कॉस्ट्यूम इंस्टीट्यूट के लिए धन जुटाने के लिए आयोजित किया जाता है. यह एक बहुत ही प्रतिष्ठित और ग्लैमरस फैशन कार्यक्रम है, जिसमें कई हस्तियां और फैशन जगत के लोग भाग लेते हैं.

मेट गाला में अपनी पगड़ी, संस्कृति और मातृभाषा को लेकर आया हूं: दिलजीत दोसांझ

जानेमाने गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने मेट गाला-2025 में पहली बार शामिल होते हुए अपने गृह राज्य पंजाब और सिख धर्म के प्रति सम्मान प्रकट किया. वह सफेद परिधान में कृपाण और पगड़ी पहनकर कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने इस तरह पटियाला के महाराजा भूपिंदर सिंह के प्रति सम्मान व्यक्त किया.

अपने गानों के लिए मशहूर दोसांझ ने अमेरिकी नेपाली डिजाइनर प्रबल गुरुंग का डिजाइन किया हुआ तहमत भी पहन रखा था.
पंजाब के दोसांझ गांव से ताल्लुक रखने वाले गायक ने सफेद कलगी लगी आभूषण जड़ित पगड़ी पहन रखी थी और कृपाण धारण कर रखी थी जिसके मुख पर शेर की आकृति बनी थी.

दिलजीत दोसांझ ने फिल्म ‘चमकीला’ के एक गीत की अपनी पंक्तियों को उद्धृत करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, ”मैं हूं पंजाब…हैशटैग मेटगाला” उन्होंने कहा, ”मैं ‘ब्लैक डांडीज्म’ की थीम से प्रभावित होकर मेट गाला में अपनी पगड़ी, अपनी संस्कृति और अपनी मातृभाषा पंजाबी लेकर आया हूं.” दिलजीत की टीम ने उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर मेट गाला के कुछ वीडियो भी साझा किए.
दिलजीत की स्टाइलिस्ट अभिलाषा देवनानी ने कहा कि गायक को अपने रंग-बिरंगे अंदाज के लिए मशहूर पटियाला के महाराजा की मौजूद तस्वीरों के आधार पर तैयार किया गया था.

‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ को दिए गए एक साक्षात्कार में देवनानी ने कहा कि उन्होंने इस रात के लिए महाराजा के प्रतिष्ठित कार्टियर हार को उधार लाने की कोशिश की, लेकिन यह एक संग्रहालय में बंद है. महाराजा ने 1928 में धनी, राजघरानों और मशहूर हस्तियों द्वारा पसंद किए जाने वाला लक्जरी आभूषण ब्रांड ‘कार्टियर’ को 1,000 कैरेट का हीरे का हार बनाने का काम दिया था. यह फ्रांसीसी आभूषण निर्माता कंपनी द्वारा बनाया गया ‘सबसे बड़ा हार’ था.

वर्ष 1900 से 1938 तक पटियाला रियासत पर शासन करने वाले महाराजा भूपिंदर सिंह हमेशा अपने प्रसिद्ध कार्टियर हार के साथ ‘चोकर’ पहनते थे. यह हार 1948 में भारत से गायब हो गया था. देवनानी ने कहा कि उन्होंने अंतत? मूल संग्रह से मिलता जुलता हार बनाने के लिए भारतीय जौहरी गोलेचा से संपर्क किया. मेट गाला एक फैशन कार्यक्रम है जो हर साल न्यूयॉर्क शहर के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट के कॉस्ट्यूम इंस्टीट्यूट के लिए धन जुटाने के लिए आयोजित किया जाता है. यह एक बहुत ही प्रतिष्ठित और ग्लैमरस फैशन कार्यक्रम है, जिसमें कई हस्तियां और फैशन जगत के लोग भाग लेते हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button