पुणे. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार एक तरफ जहां मुंबई में होने वाली विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक को लेकर व्यस्त रहे, तो दूसरी तरफ उनके मित्र एवं उद्योगपति साइरस पूनावाला ने कहा कि पवार (82) दो बार प्रधानमंत्री बनने से चूक गए और बढ़ती उम्र को देखते हुए उन्हें सेवानिवृत्त हो जाना चाहिए.
एक कार्यक्रम से इतर पूनावाला ने बुधवार को कहा, ”शरद पवार को मेरी सलाह… उनके पास प्रधानमंत्री बनने के दो मौके थे, लेकिन वह चूक गए. वह एक चतुर व्यक्ति हैं. वह (प्रधानमंत्री के रूप में) अच्छी सेवा कर सकते थे लेकिन वे मौके खत्म हो गए. मेरी भी उम्र बढ़ रही है और उनकी भी उम्र बढ़ रही है इसलिए उन्हें सेवानिवृत्त हो जाना चाहिए.” पूनावाला, अजित पवार धड़े के महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने के चलते राकांपा में विभाजन से जुड़े सवाल का जवाब दे रहे थे. वह पूनावाला समूह के अध्यक्ष हैं, जिसमें सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया भी शामिल है. पूनावाला ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की सराहना भी की.