शेर से नहीं लड़ सकतीं भेड़, बकरियां : विपक्ष के मोदी को निशाना बनाने पर शिंदे ने कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Sep 2023 08:57 PM
ऑडियो सुनें

मुंबई. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को कहा कि विरोधी दल केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हराने के बारे में सोचते हैं, लेकिन जंगल में ”भेड़ और बकरियां” शेर से मुलाबला नहीं कर सकतीं. शिंदे ने एक समाचार चैनल से बातचीत के दौरान कहा, ”…भेड़ और बकरियां जंगल में शेर के खिलाफ लड़ने के लिए एक साथ नहीं आ सकतीं. शेर हमेशा शेर रहता है और वह जंगल पर राज करेगा.”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को चुनौती देने के लिए विपक्ष के एकजुट होने से जुड़े सवाल पर शिवसेना नेता ने कहा, ”विपक्ष केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हराने के बारे में सोचता है. मुझे विपक्ष कहीं भी मुकाबले में खड़ा नजर नहीं आता.” महाराष्ट्र से लोकसभा के लिए 48 सदस्य चुने जाते हैं. लोकसभा सदस्यों की संख्या के मामले में महाराष्ट्र का उत्तर प्रदेश के बाद दूसरा स्थान है. उत्तर प्रदेश से संसद के निचले सदन के लिए 80 सदस्य चुने जाते हैं.

शिंदे ने महाराष्ट्र में राजग की स्थिति के बारे में कहा, ”अजित पवार के हमारे साथ जुड़ने का फैसला करने के बाद मेरी सरकार (भाजपा-शिवसेना-अजित पवार के नेतृत्व वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी गुट) के पास 215 से अधिक विधायकों का समर्थन है. सरकार को कोई खतरा नहीं है.” शिंदे ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का नाम लिए बगैर कहा, ”हम लोगों के लिए काम कर रहे हैं. लोग फैसला करेंगे कि क्या वे ऐसे व्यक्ति को चुनना चाहते हैं, जो उनके लिए काम करता है या वे ऐसे व्यक्ति का चयन करना चाहते हैं, जो केवल घर में बैठा रहता है.”

विपक्षी खेमे के नेताओं को निशाना बनाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का इस्तेमाल किए जाने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर शिंदे ने कहा, ”प्रवर्तन निदेशालय उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करता है, जिनके भ्रष्ट आचरण में शामिल होने का संदेह होता है. वह किसी को यूं ही परेशान नहीं करता.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu