दिल्ली पहुंचेंगे सिद्धरमैया और शिवकुमार, आलाकमान से मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की संभावना

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 24 May 2023 03:51 PM
दिल्ली पहुंचेंगे सिद्धरमैया और शिवकुमार, आलाकमान से मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की संभावना
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार बुधवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जहां वे राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार और मौजूदा मंत्रियों को विभागों के आवंटन पर कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम के मुताबिक, सिद्धरमैया विशेष विमान से शाम साढ़े छह बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वह राष्ट्रीय राजधानी में ही रात्रिविश्राम करेंगे।

उप मुख्यमंत्री दोपहर को दिल्ली रवाना होंगे और शाम तक दिल्ली पहुंचेंगे। शिवकुमार की दिल्ली यात्रा को लेकर जो कार्यक्रम उपलब्ध कराया गया है, उसके मुताबिक वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पार्टी के कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं के याथ मुलाकात करेंगे, हालांकि बेंगलुरु लौटने को लेकर अभी कोई समय तय नहीं है।

हालांकि, सिद्धरमैया और शिवकुमार के दिल्ली दौरे का विवरण मीडिया से साझा नहीं किया गया है, लेकिन पार्टी सूत्रों ने बताया कि दोनों नेताओं के मौजूदा मंत्रियों को विभागों के आवंटन और मंत्रिमंडल विस्तार के मुद्दे पर कांग्रेस आलाकमान से मिलने की संभावना है।
कर्नाटक में सिद्धरमैया और शिवकुमार ने 20 मई को आठ मंत्रियों के साथ क्रमश: मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। हालांकि, इन मंत्रियों को अभी विभागों का आवंटन नहीं किया गया है।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी आलाकमान ने पिछले हफ्ते शपथ ग्रहण समारोह से पहले दिल्ली में हुई बैठक में आठ मंत्रियों की पहली सूची को मंजूरी दी थी, जबकि पहले मंत्रिमंडल में बड़ी संख्या में विधायकों को शामिल किए जाने की योजना है। सूत्रों ने बताया कि चर्चा के दौरान कुछ नामों को लेकर सिद्धरमैया और शिवकुमार के बीच कथित रूप से मतभेद होना इसकी मुख्य वजह है।

नए मंत्रियों को विभागों का आवंटन और एक ऐसे मंत्रिमंडल का गठन, जिसमें सभी समुदायों, क्षेत्रों, गुटों और नयी व पुरानी पीढ़ी के विधायकों को प्रतिनिधित्व हासिल हो, सिद्धरमैया के लिए काफी चुनौतीपूर्ण कार्य है। कर्नाटक मंत्रिमंडल में मंत्रियों की स्वीकृत संख्या 34 है। इसे देखते हुए कई नेता मंत्री बनने की होड़ में शामिल हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav