सिद्धरमैया ने ढाई साल बाद मुख्यमंत्री बदलने की खबरों को किया खारिज, कहा-पांच साल तक पद पर रहूंगा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 Nov 2023 07:48 PM
सिद्धरमैया ने ढाई साल बाद मुख्यमंत्री बदलने की खबरों को किया खारिज, कहा-पांच साल तक पद पर रहूंगा
ऑडियो सुनें

होसपेट. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह पूरे पांच साल तक पद संभालेंगे. यह स्पष्टीकरण सत्तारूढ़ कांग्रेस के एक वर्ग के भीतर इस सरकार के ढाई साल के कार्यकाल के बाद नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के मद्देनजर आया है.

जब उनसे मुख्यमंत्री परिवर्तन के बारे में पार्टी के भीतर से बार-बार भ्रमित करने वाले बयानों के बारे में पूछा गया तो सिद्धरमैया ने कहा, “भ्रमित करने वाला बयान किसने दिया है? अगर कोई बेकार बोलता है तो आप उसे महत्व क्यों देते हो.” यह स्पष्ट करने के लिए पूछे जाने पर कि क्या वह पूरे पांच साल तक सरकार का नेतृत्व करेंगे, उन्होंने कहा, “पांच साल तक हमारी सरकार रहेगी…मैं मुख्यमंत्री हूं, मैं बना रहूंगा.”

तीन और उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलों पर उन्होंने कहा, “किसने कहा? यह सब आलाकमान तय करता है. कांग्रेस क्षेत्रीय पार्टी नहीं, राष्ट्रीय पार्टी है. बिना आलाकमान से चर्चा के कुछ भी तय नहीं किया जा सकता. मुख्यमंत्री के रूप में मैं या विधायक सरकार नहीं बदल सकते. हमारे पास आलाकमान है, वो निर्णय लेगा.” जब से यह सरकार सत्ता में आई है, तब से मुख्यमंत्री को बदले जाने को लेकर पार्टी के भीतर दावे और प्रतिदावे होते रहे हैं, जिनमें कहा गया कि सिद्धरमैया को ढाई साल बाद उप मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार को जगह देनी पड़ सकती है.

कांग्रेस द्वारा भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के बाद इस साल 20 मई को सिद्धरमैया ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. इस साल मई में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए सिद्धरमैया और शिवकुमार के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा थी. कांग्रेस पार्टी ने हालांकि शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री पद के लिये मना लिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu