कर्नाटक में कांग्रेस नेतृत्व में स्पष्ट विभाजन के संकेत : भाजपा

बेंगलुरु. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने बुधवार को दावा किया कि राज्य में मुख्यमंत्री बदलने के मुद्दे पर सत्तारूढ़ कांग्रेस में ”विभाजन” के स्पष्ट संकेत हैं. विजयेंद्र ने अनुमान जताया कि राज्य में कांग्रेस के बीच सबकुछ ठीक नहीं है और दीवाली तक कुछ बड़ा बदलाव हो सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया विधायकों का विश्वास बरकरार रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं.

भाजपा नेता की यह टिप्पणी कर्नाटक के राजनीतिक हलकों में इस साल के अंत में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच आई है. मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के बीच सत्ता-साझाकरण समझौते को लेकर काफी समय से अटकलें लगाई जा रही हैं.

विजयेंद्र ने एक सवाल के जवाब में कहा, ”कर्नाटक में कांग्रेस विधायकों में पूरी तरह से फूट पड़ गई है. विकास कार्यों की कमी के कारण मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से नाराज अधिकतर विधायकों को विश्वास में नहीं लिया जा रहा है. विधायक परेशान हैं और विभिन्न मुद्दों पर मुख्यमंत्री पर सार्वजनिक रूप से हमला कर रहे हैं.” भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”शिवकुमार को प्रतीक्षारत मुख्यमंत्री के रूप में देखा जा रहा है. कुछ विधायक शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, कुछ मल्लिकार्जुन खरगे (कांग्रेस अध्यक्ष) को चाहते हैं, जबकि कुछ विधायक चाहते हैं कि सिद्धरमैया ही पद पर बने रहें.” विजयेंद्र ने दावा किया कि न केवल मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बीच मतभेद हैं बल्कि सत्तारूढ़ पार्टी के विधायकों के बीच भी मतभेद हैं, जिन्होंने मुख्यमंत्री पर ”विश्वास खो दिया है”.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button