
अमेठी/हमीरपुर. केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मणिपुर से प्रस्तावित ‘भारत न्याय यात्रा’ को लेकर उन पर निशाना साधा और कहा कि जो लोग अन्याय के लिए जाने जाते हैं वे न्याय का ‘ढोंग’ कर रहे हैं. स्मृति ने एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत में राहुल द्वारा मणिपुर से मुंबई तक ‘भारत न्याय यात्रा’ निकाले जाने के बारे में पूछे गये एक सवाल पर कहा, ”जो अन्याय के लिए जाने जाते हैं, वे न्याय का ढोंग कर रहे हैं.”
आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी के तहत कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में अगले साल 14 जनवरी से मणिपुर से मुंबई तक ‘भारत न्याय यात्रा’ निकालेगी. पूरब से पश्चिम तक 67 दिनों की यह यात्रा 14 राज्यों के 85 जिलों से होकर गुजरेगी. यह यात्रा 6,200 किलोमीटर की होगी. इस यात्रा का ज्यादातर हिस्सा बसों से तय होगा.
इससे पहले, कांग्रेस ने राहुल की ही अगुवाई में कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली थी. अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अमेठी के दो दिवसीय दौरे पर आयीं स्मृति ईरानी ने गौरीगंज स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में सामाजिक अधिकारिता शिविर में कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 10 करोड़ गरीब परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये तक की हर वर्ष चिकित्सा सहायता की व्यवस्था कराती है. भाजपा सांसद स्मृति ईरानी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को इलाज की बड़ी समस्या से राहत मिली है.
उन्होंने कहा कि साथ ही 10 हजार जन औषधि केंद्रों के माध्यम से 90 प्रतिशत रियायत पर गरीबों को दवाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं. केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उनकी अमेठी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी से बात हुई है. अगले सप्ताह से अमेठी क्षेत्र के सभी न्याय पंचायतो में दिव्यांगो के लिए शिविर लगाये जायेंगे. उन्होंने शिविर में 474 दिव्यांगों को कृत्रिम उपकरण यंत्र प्रदान किया जिसमें ट्राईसाइकिल, कैलिबर व अन्य उपकरण शामिल हैं. अमेठी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंची स्मृति ईरानी ने जगदीशपुर के वारिसगंज में नव निर्मित थाना भाले सुल्तान का उद्घाटन किया. उन्होंने जगह-जगह रूक कर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी और अधिकारियों को तत्काल समाधान करने का निर्देश दिया.
कांग्रेस की न्याय यात्रा असली मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश: अनुराग ठाकुर
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस की ‘भारत न्याय यात्रा’ असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की चेष्टा भर है. ठाकुर की इस टिप्पणी से महज एक दिन पहले बुधवार को कांग्रेस ने 14 जनवरी से अपने नेता राहुल गांधी की अगुवाई में भारत न्याय यात्रा निकालने की घोषणा की थी. इसे 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी द्वारा मतदाताओं को रिझाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.
भोटा में भाजपा के एक कार्यक्रम के बाद ठाकुर ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस जब ”टुकड़े-टुकड़े गैंग” के साथ काम कर रही है तो वह जनता के साथ कौन सा न्याय करेगी. साल 2016 में जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में उत्पन्न अशांति के बाद ‘टुकड़े-टुकड़े’ गैंग शब्द अस्तित्व में आया था. तब से भाजपा कुछ तत्वों को ‘राष्ट्र विरोधी’ होने का आरोप लगाने के लिए इस शब्द का इस्तेमाल कर रही है.
सूचना एवं प्रसारण मंत्री ठाकुर एक दिवसीय हमीरपुर यात्रा पर थे और उन्होंने भोटा में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ लोकसभा चुनाव के सिलसिले में एक महत्वपूर्ण बैठक की. उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तब वह कश्मीरी पंडितों को न्याय नहीं दे पायी और अब वह जाति एवं संप्रदाय के आधार पर ‘समाज को बांटने’ का प्रयास कर रही है.
अयोध्या में राममंदिर के उद्घाटन को लेकर कुछ विपक्षी नेताओं को न्योता दिये जाने पर उत्पन्न विवाद पर उन्होंने कहा कि निमंत्रण समिति ने विपक्षी दलों के नेताओं को निमंत्रण भेजा है लेकिन वे उसे खारिज कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा चारों लोकसभा सीट जीतेगी क्योंकि लोग नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में स्थिर सरकार चाहते हैं.



