स्पिनरों और कप्तान हरमनप्रीत ने दिलाई भारत को बांग्लादेश पर आसान जीत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Jul 2023 06:26 PM
स्पिनरों और कप्तान हरमनप्रीत ने दिलाई भारत को बांग्लादेश पर आसान जीत
ऑडियो सुनें

मीरपुर. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नये अंतरराष्ट्रीय सत्र की शुरुआत अर्धशतक (नाबाद 54 रन) जड़कर की जिससे भारतीय महिला टीम ने रविवार को यहां पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में बांग्लादेश पर सात विकेट की आसान जीत दर्ज कर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बना ली. भारतीय स्पिनरों ने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए बांग्लादेश को पांच विकेट पर 114 रन ही बनाने दिये.

इसके बाद हरमनप्रीत (35 गेंद, छह चौके, दो छक्के) और उप कप्तान स्मृति मंधाना (34 गेंद में 38 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़कर लक्ष्य 16.2 ओवर में ही हासिल कर लिया. हरमनप्रीत ने दो जीवनदान का पूरा फायदा उठाया जो उन्हें बायें हाथ की स्पिनर नाहिदा अख्तर की गेंदबाजी में मिले. मंधाना ने भी अपनी पारी के दौरान पांच चौके लगाये.

भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद उसके गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से बल्लेबाजों को यह आसान लक्ष्य हासिल करने में जरा भी पसीना नहीं बहाना पड़ा. सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा हालांकि अपने खराब फुटवर्क के कारण पगबाधा आउट हुई. जेमिमा रोड्रिग्स (11 रन) सुल्ताना खातून की ऑफ ब्रेक गेंद पर बोल्ड हुईं. जिसके बाद हरमनप्रीत और मंधाना ने टीम को आसान जीत की ओर अग्रसर किया. मंधाना के आउट होने के बाद यास्तिका भाटिया क्रीज पर उतरीं जिन्होंने नाबाद 09 रन बनाये.

इससे पहले अनुभवी दीप्ति शर्मा (चार ओवर में 14 रन) की अगुआई वाले स्पिन आक्रमण ने कप्तान हरमनप्रीत कौर की योजना को बहुत अच्छी तरह मैदान पर उतारा. स्पिन विभाग में अनुषा बारेड्डी (चार ओवर में 24 रन) और मीनू मणी (तीन ओवर में 21 रन देकर एक विकेट) ने उनका बखूबी साथ निभाया.

बांग्लादेश की शीर्ष स्कोरर सोर्ना अख्तर (28 गेंद में 28 रन) द्वारा लगाया गया एक छक्का छोड़ दें तो लेग स्पिनर शेफाली वर्मा (तीन ओवर में 18 रन देकर एक विकेट) ने भी अच्छी गेंदबाजी की. बांग्लादेश की बल्लेबाजों को भारतीय गेंदबाजों की रणनीति से काफी मुश्किल हुई. पदार्पण कर रही मणी ने अपना पहला विकेट शमीमा सुल्ताना (17 रन) के रूप में लिया जो स्वीप शॉट खेलने के प्रयास में जेमिमा रोड्रिग्स को स्क्वायर लेग पर कैच दे बैठीं.

पूजा वस्त्राकर ने फिर शाथी रानी (22 रन) को शार्ट गेंद से आउट किया. अनुभवी निगार सुल्ताना (02) रन आउट हुई, फिर शेफाली ने शोभना मोस्त्री (33 गेंद में 23 रन) का विकेट झटका. बांग्लादेश ने 62 डॉट गेंद खेली जो उनकी आधी पारी से भी अधिक हैं. उनकी पारी में आठ चौके और तीन छक्के लगे. इसमें से दो सोर्ना ने लगाये जिससे टीम 100 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही.

नवभारत डिजिटल टॉप स्टोरी

  1. 1 23 अक्टूबर 2026 का दैनिक राशिफल: शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी और शुक्र ग्रह की उपासना के लिए खास माना जाता है। जानिए करियर, धन, सेहत और रिश्तों के लिहाज से आपकी राशि के लिए आज का दिन कैसा रहेगा।
  2. 2 Deepak Mittal दवाईयों का ज्यादा डोज कारोबारी की मौत का कारण, दीपक मित्तल की बेटी का आरोप, सोने की चेन और कड़ा गायब, संदिग्ध युवती से पूछताछ जारी
  3. 3 Earthquake : तिब्बत में आया 7.0 तीव्रता का भूकंप, जमीन से 10 किमी अंदर पाया गया केंद्र, यहीं से आई थी नेपाल में विनाशकारी बाढ़
  4. 4 Sexual harassment भारत के गोल्ड मेडलिस्ट की करतूत! यौन उत्पीड़न के आरोप में जापान से डिपोर्ट करके भारत भेजा गया, जानिए कौन है यह खिलाड़ी

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu