क्रिस्टी को हराकर श्रीकांत मलेशिया ओपन के दूसरे दौर में

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 09 Jan 2024 01:26 PM
क्रिस्टी को हराकर श्रीकांत मलेशिया ओपन के दूसरे दौर में
ऑडियो सुनें

कुआलालंपुर: भारत के किदांबी श्रीकांत ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए मंगलवार को यहां दुनिया के पांचवें नंबर के खिलाड़ी इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को कड़े मुकाबले में हराकर मलेशिया ओपन सुपर 1000 बैडंिमटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बनाई।

आंध्र प्रदेश के गुंटूर के 30 साल के श्रीकांत ने एक घंटा और पांच मिनट चले पहले दौर के मुकाबले में छठे वरीय क्रिस्टी को 12-21 21-18 21-16 से हराया। दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी श्रीकांत अगले दौर में हांगकांग के एनजी का लोंग एंगस से भिड़ेंगे।

विश्व चैंपियनशिप 2021 के रजत पदक विजेता श्रीकांत आम तौर पर तीन गेम के मुकाबले के दबाव को झेलने में नाकाम रहे हैं लेकिन मंगलवार को पहला गेम गंवाने के बावजूद उन्होंने धैर्य बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की।
इंडोनेशिया के खिलाड़ी के खिलाफ श्रीकांत ने कुछ बेहतरीन मैच खेले हैं। उन्होंने क्रिस्टी के खिलाफ 11 में से छह मुकाबलों में जीत दर्ज की है।

नए सत्र का पहला मुकाबला खेल रहे श्रीकांत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और वह जल्द ही 4-7 से पिछड़ गए। श्रीकांत ने 8-7 की बढ़त बनाई लेकिन क्रिस्टी ने लगातार नौ अंक जीतने के बाद पहला गेम आसानी से अपने नाम किया।

कोच के रूप में पारूपल्ली कश्यप की मौजूदगी में दूसरे गेम में श्रीकांत ने 4-0 की बढ़त बनाई लेकिन क्रिस्टी 11-7 और फिर 17-14 से बढ़त बनाने में सफल रहे। श्रीकांत ने हालांकि अगले आठ में से सात अंक जीतकर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया।

निर्णायक मुकाबले में श्रीकांत ने एक बार फिर खराब शुरुआत की। क्रिस्टी ने 5-0 की बढ़त बनाई और फिर इसे 14-9 तक पहुंचाया। श्रीकांत ने हालांकि इसके बाद क्रिस्टी की गलतियों का फायदा उठाकर जोरदार वापसी की और लगातार सात अंक के साथ 16-14 की बढ़त बना ली और फिर आसानी से गेम और मैच जीत लिया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav